Dailyhunt
सीमा हैदर के घर नामकरण कार्यक्रम, बेटे का नाम रखा 'भारत'

सीमा हैदर के घर नामकरण कार्यक्रम, बेटे का नाम रखा 'भारत'

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में रहने वाली सीमा हैदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा की वजह उनके बेटे का नामकरण समारोह है, जिसमें उन्होंने अपने छठे बच्चे का नाम 'भारत' रखा है.

यह कार्यक्रम पूरे रीति-रिवाज के साथ आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए. समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह विषय सोशल मीडिया और मीडिया में चर्चा का केंद्र बन गया है.

मीडिया से बातचीत में सीमा ने क्या कहा?

नामकरण के अवसर पर सीमा हैदर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें हिंदू धर्म बेहद आकर्षक और सकारात्मक लगता है. उन्होंने बताया कि इस धर्म को अपनाने के बाद उन्हें मानसिक संतोष और खुशी मिली है. सीमा ने कहा कि अब वह खुद को हिंदू मानती हैं और इस पहचान पर गर्व महसूस करती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि नामकरण संस्कार के दौरान पंडित ने 'भ' अक्षर से नाम रखने की सलाह दी थी, जिसके बाद परिवार ने विचार-विमर्श कर 'भारत' नाम तय किया.

सीमा के अनुसार, 'भारत' नाम केवल एक शब्द नहीं बल्कि देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इससे बेहतर नाम उन्हें नहीं लगा. उन्होंने यह भी साझा किया कि उन्हें क्रिकेट में भारत की जीत देखना बेहद पसंद है और हर मैच के दौरान वह भगवान से टीम की सफलता की प्रार्थना करती हैं.

भारत में रहने की जतातई इच्छा

इस मौके पर सीमा ने भारत में ही रहने की अपनी इच्छा भी दोहराई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहतीं, क्योंकि भारत में उन्हें सम्मान और अपनापन मिला है. उनके अनुसार, यहां का माहौल और लोगों का व्यवहार उन्हें काफी सुकून देता है.

समारोह में उनके वकील और मुंह बोले भाई ए.के. सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने मामा की भूमिका निभाते हुए सभी पारंपरिक रस्में पूरी कराईं. इस दौरान गांव के लोगों ने भी परिवार को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया, जिससे आयोजन का माहौल और भी खास बन गया.

बच्चों के भविष्य को लेकर जताई चिंता

हालांकि, इस खुशी के बीच सीमा ने अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता भी जताई. उन्होंने कहा कि अब वह और बच्चे नहीं चाहतीं और फिलहाल अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और बेहतर परवरिश पर ध्यान देना चाहती हैं.

गौरतलब है कि मार्च 2025 में सीमा और सचिन मीना की पहली संतान का जन्म हुआ था, जिसका नाम 'मीरा' रखा गया था. अब बेटे का नाम 'भारत' रखने के साथ एक बार फिर यह परिवार चर्चा में आ गया है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times