Dailyhunt

Zoho के को-फाउंडर ने इंडिया के नौजवानों से अमेरिका छोड़कर भारत आने की क्यों की रिक्वेस्ट?

वैश्विक स्तर पर प्रवासन, रोजगार और पहचान को लेकर चल रही बहस के बीच श्रीधर वेम्बू का एक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. जोहो के को-फाउंडर वेम्बू ने अपने ऑफिसियल एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए अमेरिका में बसे भारतीयों को संबोधित करते हुए, उन्हें उनके करियर और कमाई से आगे बढ़कर पहचान, सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर ध्यान देने को लेकर जोर दिया.

श्रीधर वेम्बू ने क्या कहा

अपनी इस पोस्ट में श्रीधर वेम्बू ने विदेश जाने वाले भारतीयों की सामान्य यात्रा का जिक्र किया और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत शिक्षा और संस्कारों के साथ अमेरिका पहुंचना बहुत बड़ी बात है. इसके लिए उन्होंने अमेरिका द्वारा दिए गए अवसरों के लिए आभार जताते हुए कहा कि कृतज्ञता भारतीय संस्कृति का हिस्सा है.

हालांकि उन्होंने चिंता जाहिर करते कहा कि उनके अनुसार, अमेरिकयों का एक वर्ग भारतीयों को नौकरी छीनने वाला मानता है. उन्होंने वहां के राजनीतिक माहौल को भी विभाजित बताया और कहा कि इस टकराव में भारतीय अक्सर केवल दर्शक बनकर रह जाते हैं, जिस कारण उन्हें स्थिरता और सम्मान नहीं मिल पाता.

भारत की छवि को लेकर उठाया सवाल

इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को लेकर एक अहम सवाल उठाया और कहा कि दुनिया भारतीयों को किस नजर से देखती है, यह काफी हद तक देश की आर्थिक और तकनीकी प्रगति पर निर्भर करता है. उनके मुताबिक, असली सम्मान सहानुभूति या आलोचना से नहीं, बल्कि ताकत और आत्मनिर्भरता से मिलता है.

वेम्बू ने यह भी कहा कि भारत में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन बड़ी संख्या में कुशल लोग विदेशों में काम कर रहे हैं. उन्होंने प्रवासी भारतीयों से अपील की कि वे अपने अनुभव के साथ देश लौटें और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन दें. उन्होंने इसे एक तरह का राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए 'मिशनरी भावना' से जुड़ने की बात कही.

उनकी इस अपील पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. जहां कुछ लोगों ने इसे देश के विकास के लिए जरूरी बताया। वहीं कई यूजर्स ने भारत में कामकाजी परिस्थितियों, वेतन और टैक्स जैसे मुद्दों को लेकर चिंता जाहिर की है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times