कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के आंगन की जमीन अचानक धंस गई। जमीन धंसने से वहां मौजूद 18 वर्षीय लड़की करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। लड़की को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF और SDRF की टीमें कई घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
JCB से मिट्टी हटाकर लड़की तक पहुंचने की कोशिश
रेस्क्यू टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गहराई में फंसी लड़की तक सुरक्षित पहुंचना है। टीमों की ओर से JCB मशीन से आसपास की मिट्टी हटाई जा रही है, ताकि नीचे जाने का रास्ता बनाया जा सके।
आशंका है कि जमीन के अचानक धंसने के कारण लड़की गहरे गड्ढे में फंस गई है। राहत एवं बचाव दल बेहद सावधानी से मिट्टी हटाने का काम कर रहे हैं, ताकि रेस्क्यू के दौरान दोबारा मिट्टी धंसने का खतरा न हो।
कई घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए हैं। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है। NDRF और SDRF की विशेषज्ञ टीमें भी रेस्क्यू अभियान में लगी हैं।
फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि लड़की को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

