अनुराग गुप्ता
बहराइच। कांग्रेस पार्टी के तत्वाधान में आज लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की 301वीं जयंती स्थानीय कांग्रेस भवन के सभागार में मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों एवं लोक कल्याणकारी कार्यों को स्मरण किया गया।
उक्त अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं जिन्होंने न्याय, सुशासन, जनसेवा और धार्मिक सहिष्णुता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने शासनकाल में समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए तथा देशभर में मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं एवं जनोपयोगी निर्माण कार्यों को बढ़ावा दिया।
उपाध्यक्ष रवि कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं बल्कि करुणा, संवेदनशीलता और नारी नेतृत्व की सशक्त प्रतीक थीं। उनका जीवन आज भी समाज और राजनीति से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह सिद्ध किया कि सत्ता का सर्वोत्तम उपयोग जनहित और मानव सेवा के लिए होना चाहिए।
इस मौके पर जिला कांग्रेस महासचिव हमज़ा शफीक,मोहम्मद शाहनवाज,अभिषेक गुप्ता,कार्तिक तिवारी,अब्दुल सईद,जितेंद्र पांडेय बबलू पंडित,चौधरी अब्दुल मुईद खान,हलीमअहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

