विनायक रिसॉर्ट में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाएं, महिला सम्मान, सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय पर हुआ संवाद
आनन्द गुप्ता / अनवार खाँ मोनू
बहराइच, 20 सितंबर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की ओर से गोंडा रोड स्थित विनायक रिसॉर्ट में रविवार को आयोजित महिला जन संवाद में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस दौरान पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) सामाजिक न्याय के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर रहीं। आयोजन महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव प्रीती मिश्रा पत्नी इंजीनियर जय प्रकाश मिश्र 'जे.पी.' की ओर से किया गया। अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट राम हर्ष यादव ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री बंशीधर बौद्ध और पूर्व विधायक शब्बीर बाल्मीकि रहे। पूर्व विधायक केके ओझा, महिला सभा जिलाध्यक्ष मनु देवी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव शाहिस्ता परबीन प्रमुख वक्ता रहे। संचालन युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश मौर्य 'शैलू' ने किया।
मुख्य अतिथि सीमा राजभर ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी यह दर्शाती है कि महिलाएं अपने अधिकारों, सम्मान और भविष्य को लेकर जागरूक हैं। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा महिला संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
सपा नेता इंजीनियर जय प्रकाश मिश्र 'जे.पी.' ने कहा कि महिला जन संवाद का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं और उनकी आवाज को सुनना तथा उसे व्यापक सामाजिक और लोकतांत्रिक विमर्श तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए संवाद का क्रम जारी रहेगा।
अध्यक्षीय संबोधन में सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट राम हर्ष यादव ने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी संगठन के लिए महत्वपूर्ण संदेश है। महिलाओं को संगठन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक अवसर दिए जाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। महिला सुरक्षा, महंगाई, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न मुद्दों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरिता राजभर, राष्ट्रीय महासचिव शशि यादव, रेखा राव, ललिता हरेंद्र, दीपिका पाल, सविता विश्वकर्मा, अनुराधा वर्मा, मंजू चौधरी, संत कुमार पासी, आनंद प्रकाश यादव, अभिषेक यादव, मेराज खां, मयंक मिश्रा, सौरभ ईशान वर्मा एडवोकेट , रशीद अहमद और विकास चौधरी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
समापन पर आयोजक एवं महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव प्रीती मिश्रा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं, उपस्थित महिलाओं तथा पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

