Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
प्रयागराज में मौत बनकर दौड़ी रोडवेज बस, कार के उड़े परखच्चे; 3 की दर्दनाक मौत, 1 जिंदगी से जूझ रहा

प्रयागराज में मौत बनकर दौड़ी रोडवेज बस, कार के उड़े परखच्चे; 3 की दर्दनाक मौत, 1 जिंदगी से जूझ रहा

रिपोर्ट : विजय तिवारी

प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के सैदाबाद स्थित भैस्की पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस और कार की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान राकेश त्रिपाठी (60 वर्ष), प्रभावती (58 वर्ष) और शुभम दुबे (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं राहुल त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी कार सवार हरिपुर गांव के निवासी थे और ज्ञानपुर-गोपीगंज से झूंसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद स्थित भैस्की पेट्रोल पंप के सामने उनकी कार रोडवेज बस की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को सीएचसी सैदाबाद भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल चारों कार सवारों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान तीन लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारु कर दिया गया और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायल के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर रोडवेज बस की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janta Ki Awaaz