Dailyhunt
2 करोड़ से अधिक का 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार

2 करोड़ से अधिक का 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार

Mahasamund.महासमुंद। छत्तीसगढ़ पुलिस ने दो करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य का 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद किया है। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई, जब हरियाणा के दो तस्कर झारखंड से अफीम लेकर रायपुर की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग 53, रेहटीखोला में नाकेबंदी कर पिकअप क्रमांक एचआर 46 एफ 4848 को रोककर तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों में चालक हरविंदर सिंह पिता गुरुमुख सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी गली नंबर 3, शांति नगर, करनाल, हरियाणा और बाजू की सीट पर बैठे सत्यवान वाल्मीकि पिता मांगेराम, उम्र 40 वर्ष, निवासी शांति नगर, करनाल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अफीम पोस्त डोडा गुमला, झारखंड से रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जा रहे थे।

तलाशी के दौरान बोरियों में कुल 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। बरामद अफीम की कीमत लगभग 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई। कुल जप्त सामग्री एवं वाहन की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपए है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा लगातार मादक पदार्थों की तस्करी, एंड टू एंड फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और सोर्स-पॉइंट से डेस्टिनेशन-पॉइंट तक प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लगातार चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी और निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अफीम तस्करी में शामिल अन्य गिरोह सदस्यों की पहचान करने में लगी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि अंतरराज्यीय तस्करी की इस बड़ी वारदात से मादक पदार्थों की अवैध सप्लाई रोकने में मदद मिलेगी और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। महासमुंद पुलिस का यह ऑपरेशन अफीम तस्करी और अन्य मादक पदार्थों की अवैध व्यापार को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस के सतत निगरानी और नाकेबंदी प्रयासों से इस तरह के अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janta Se Rishta