Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
महिला ने जीवनसाथी तलाशने ऑनलाइन तरीका अपनाया, रेप और ठगी का शिकार

महिला ने जीवनसाथी तलाशने ऑनलाइन तरीका अपनाया, रेप और ठगी का शिकार

नागपुर। शादी की तलाश में मैट्रिमोनी ऐप पर प्रोफाइल बनाना आज आम बात है. लोग उम्मीद करते हैं कि यहां उन्हें अपना जीवनसाथी मिलेगा. लेकिन नागपुर की एक महिला के लिए यही तलाश एक ऐसे अनुभव में बदल गई, जिसने उसे पुलिस थाने तक पहुंचा दिया.

कहानी की शुरुआत मैट्रिमोनियल ऐप से होती है. यहां 31 साल की महिला का संपर्क राघवेंद्र किशोर नाम के एक शख्स से हुआ. बातचीत शुरू हुई, रिश्ता आगे बढ़ा और भरोसा भी. महिला का आरोप है कि राघवेंद्र ने खुद को तलाकशुदा बताया और दावा किया कि उसकी पहली पत्नी अब इस दुनिया में नहीं है. यहीं से कहानी आगे बढ़ी, जिसमें शादी के वादे थे, भविष्य के सपने थे और भरोसे की नींव पर खड़ा एक रिश्ता था. महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे आर्थिक मदद मांगना शुरू कर दिया. कभी नई जिम खोलने की बात कही गई, कभी कारोबार शुरू करने के लिए पैसों की जरूरत बताई गई. रिश्ता आगे बढ़ रहा था, इसलिए महिला ने भी मदद की. आरोप है कि अलग-अलग बहानों से उससे कुल 14 लाख 80 हजार रुपये ले लिए गए.

शिकायत के मुताबिक, समय बीतने के साथ महिला को कई बातें संदिग्ध लगने लगीं. जिस व्यक्ति को वह अपना होने वाला पति समझ रही थी, उसके दावों पर सवाल खड़े होने लगे. आरोप है कि बाद में पता चला कि आरोपी ने अपनी पहली पत्नी के बारे में झूठी जानकारी दी थी. महिला का कहना है कि शादी का भरोसा देकर उसके साथ रेप किया. जब उसने शादी और पैसों को लेकर जवाब मांगा तो उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. शिकायत में मारपीट के आरोप भी लगाए गए हैं. लगातार परेशान रहने के बाद महिला ने नागपुर के यशोधरा नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राघवेंद्र किशोर अवस्थी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह किसी और महिला को भी निशाना बनाया था. उसके आर्थिक लेनदेन, बैकग्राउंड और महिला से लिए गए पैसों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janta Se Rishta