Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 3356 वाहन चालकों पर कार्रवाई

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 3356 वाहन चालकों पर कार्रवाई

Raipur. रायपुर। रायपुर में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अब तक कुल 3356 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन सभी को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया और उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इसी अभियान के तहत 28 मई 2026 की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर की गई, जिनमें तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक, पंडरी थाना के सामने सहित अन्य प्रमुख इलाके शामिल रहे। इस दौरान यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वाहनों की जांच की और शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 58 चालकों को पकड़ा गया। पकड़े गए वाहनों में 44 कार, 5 मोटरसाइकिल, 1 टाटा एस, 1 मेटाडोर, 3 ट्रक, 1 माज़दा, 1 ट्रैक्टर, 1 ई-रिक्शा और 1 पिकअप वाहन शामिल हैं। सभी चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसी लक्ष्य आधारित आंकड़े के लिए नहीं चलाया जा रहा है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों में यातायात अनुशासन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह चालक और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करता है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। पुलिस ने विशेष रूप से निम्न नियमों का पालन करने की सलाह दी है, जिसमें शराब पीकर वाहन न चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, ट्रैफिक सिग्नल और पुलिस निर्देशों का पालन करना तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देना शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी कहा कि शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों का मानना है कि सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के जरिए ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित की जा सकती है। रायपुर पुलिस का यह अभियान शहर में यातायात अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण की उम्मीद है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janta Se Rishta