Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हिस्ट्रीशीटर दंपत्ति के अवैध तीन मंजिला मकान पर चला बुलडोजर

हिस्ट्रीशीटर दंपत्ति के अवैध तीन मंजिला मकान पर चला बुलडोजर

Khabar Din Raat 1 week ago

यपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हार्डकोर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर दक्षिण जिले की मानसरोवर थाना पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर दंपत्ति के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया।

पुलिस के अनुसार ध्वस्त की गई तीन मंजिला अवैध इमारत की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मानसरोवर थाना क्षेत्र के गुर्जर की थड़ी स्थित शिव शंकर विहार में हिस्ट्रीशीटर मुकेश सांसी (49) और उसकी पत्नी तीजा देवी (45) ने कथित रूप से अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से जेडीए की अनुमति लिए बिना तथा भवन बायलॉज का उल्लंघन करते हुए मकान संख्या 36ए और 37 पर तीन मंजिला निर्माण करा रखा था। पुलिस के अनुसार क्षेत्र के लोगों द्वारा अवैध निर्माण का विरोध किए जाने पर आरोपी उन्हें डराकर-धमकाकर क्षेत्र में खौफ का माहौल बनाते थे।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के पर्यवेक्षण में मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस और जेडीए की संयुक्त टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए मकान संख्या 36ए पर किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। वहीं मकान संख्या 37 के संबंध में जयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम, 1982 की धारा 32 की उपधारा (1) एवं (6) के तहत नोटिस जारी किया गया है।

पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर तीजा देवी के खिलाफ मानसरोवर थाने में कुल 12 मामले दर्ज हैं। इनमें 9 मामले अवैध शराब तथा 3 मामले एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। इनमें से 11 मामलों में न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि एक मामला विचाराधीन है।

वहीं मुकेश सांसी के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 6 मामले अवैध शराब तथा 2 मामले एनडीपीएस एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं। सभी मामलों में न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।

डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि जयपुर दक्षिण पुलिस अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। अवैध गतिविधियों से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें कुर्क करने तथा अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Din Raat