Dailyhunt
पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाला पति गिरफ्तार

पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाला पति गिरफ्तार

Khabar Din Raat 1 week ago

यपुर। प्रताप नगर थाना इलाके में 22 अप्रैल को हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कार में रखकर करीब 250 किलोमीटर दूर कोटा ले जाकर चुपचाप अंतिम संस्कार करने की साजिश रची थी।

थानाधिकारी पूरणमल के अनुसार आरोपी वीरेंद्र लोधी ने अपनी पत्नी मीरा लोधी की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने ससुराल पक्ष को फोन कर मीरा की तबीयत खराब होने और उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर गुमराह किया।

इसके बाद आरोपी पत्नी के शव को कार में रखकर जयपुर से कोटा स्थित अपने घर ले गया, जहां वह गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी दौरान मृतका के पीहर पक्ष को शक हुआ और वे मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल अंतिम संस्कार रुकवाकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची कोटा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच प्रताप नगर थाना पुलिस को सौंप दी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए करीब एक महीने में पूरी साजिश का खुलासा कर दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 22 अप्रैल को भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या को छुपाने के लिए पूरी योजना बनाकर शव को दूर ले जाकर अंतिम संस्कार करने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Din Raat