Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पुलिस के हत्थे चढ़ा पांच हजार का इनामी बदमाश सरजू बन्ना

पुलिस के हत्थे चढ़ा पांच हजार का इनामी बदमाश सरजू बन्ना

Khabar Din Raat 2 weeks ago

यपुर। मुहाना थाना पुलिस और जयपुर दक्षिण जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी और जयपुर दक्षिण के टॉप-10 मोस्ट वांटेड बदमाशों में शामिल शेखर सिंह उर्फ सरजू बन्ना (34) निवासी बांदीकुई जिला दौसा हाल गांधी पथ करणी विहार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित शेखर सिंह उर्फ सरजू बन्ना ने शहर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 'एसबी7773' नाम से गैंग बना रखी थी। गैंग अवैध कारोबार करने वालों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करने के लिए कुख्यात है।

डीसीपी पूर्व ने बताया कि 8 अगस्त 2025 को पीड़ित निरंजन कुमार ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह के समय चाय पीने जाते आरोपित सरजू बन्ना ने साथियों के साथ न्यू सांगानेर रोड पर उसकी कार रोककर मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया। पीड़ित चलती कार से कूदकर जान बचाने में सफल रहा। इसके बाद आरोपित ने फोन कर पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने तथा वाहन तोड़ने की धमकी दी। बाद में आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ की।

पुलिस के अनुसार मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर आरोपित और उसके साथियों ने पीड़ित के साथ दोबारा मारपीट की, जिसका मामला सांगानेर सदर थाने में दर्ज है। इसके बाद दबाव बनाने के लिए पीड़ित के भाई के साथ भी मारपीट की गई। जिसकी रिपोर्ट प्रताप नगर थाने में दर्ज कराई गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सरजू बन्ना के खिलाफ जयपुर के मुहाना, सांगानेर, सांगानेर सदर, प्रताप नगर, गांधीनगर, बजाज नगर और करणी विहार थानों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, रंगदारी और मारपीट सहित 17 संगीन मामले दर्ज हैं। वह प्रताप नगर, सांगानेर सदर और मुहाना थाना पुलिस को लंबे समय से चकमा देकर फरार चल रहा था, जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। डीएसटी प्रभारी विशम्भर दयाल, मुहाना थानाधिकारी गुरु भूपेन्द्र, साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर तंत्र की सहायता से करणी विहार क्षेत्र से आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में पुलिस आरोपित की गैंग के अन्य सदस्यों, रंगदारी के नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Din Raat