Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं को कुचला

तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं को कुचला

Khabar Din Raat 13 hrs ago

यपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के आंधी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर घास काट रही तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौत हो गई।

घटना के बाद चालक करीब एक किलोमीटर दूर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रेम देवी (55) पत्नी रामनाथ निवासी खेड़ावास, मनफूल देवी (50) पत्नी गोवर्धन लाल निवासी खेड़ावास नेवर और कौशल्या देवी (45) पत्नी रामचंद्र निवासी नेवर के रूप में हुई है।

एसपी जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि हाईवे के मिड-वे में लगी घास काटने का ठेका गेंथी लाल गुर्जर के पास है। उसका बेटा धारासिंह गुर्जर कामकाज संभालता है। रविवार सुबह पांच महिलाएं हाईवे के बीच घास काट रही थीं। इनमें दो महिलाएं मिड-वे की रेलिंग के अंदर और तीन महिलाएं रेलिंग के बाहर घास काट रही थीं।

शाम करीब पांच बजे बूज गांव की पुलिया से करीब 20 फीट दूर तेज रफ्तार कार रेलिंग के बाहर घास काट रही तीनों महिलाओं को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरी महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में महिलाओं के शव देखकर ठेकेदार का बेटा धारासिंह गुर्जर भी बेहोश होकर गिर पड़ा।

हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त कार खड़ी मिली। पुलिस ने कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि घास काटने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग नहीं होने से हादसे का खतरा बढ़ा। ग्रामीणों के अनुसार इस स्थान पर पिछले एक साल में करीब आठ लोगों की मौत हो चुकी है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीण हाईवे पर बैठ गए और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी जाम में फंस गए। ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर अपनी मांगें रखीं।

प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत में नियमानुसार मुआवजा राशि दिलाने, मृतक परिवारों में एक-एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और प्रत्येक परिवार को एक-एक डेयरी बूथ देने की घोषणा की गई। मांगों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

इस समझाइश के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा, एसपी हनुमान प्रसाद मीणा, सीओ रामकिशन विश्नोई सहित आसपास के थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Din Raat