Dailyhunt
36 की उम्र में कहर बरपा रहे भुवनेश्वर कुमार, गुजरात टाइटंस के खिलाफ रचा इतिहास

36 की उम्र में कहर बरपा रहे भुवनेश्वर कुमार, गुजरात टाइटंस के खिलाफ रचा इतिहास

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भुवनेश्वर कुमार का जलवा देखने को मिल रहा है। 36 साल की उम्र में भी भुवनेश्वर कहर बरपा रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का यह तेज गेंदबाज मौजूदा सीजन में विकेट लेने के मामले में सबसे आगे निकल गया।

वह 9 मैचों में 17 विकेट झटक चुके हैं। खास बात है कि उनकी इकॉनमी 8 से नीचे है, जो 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में सबसे बेहतर है।

भुवनेश्वर ने गुरुवार (30 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने GT के टॉप-3 बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर को चलता किया। भुवनेश्वर ने सुदर्शन को विकेट लेते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने सुदर्शन को चलता कर टी20 में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए। भुवनेश्वर इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पुरुष गेंदबाज बने।

पुरुष टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय

  • युजवेंद्र चहल - 391 विकेट
  • भुवनेश्वर कुमार - 352 विकेट
  • जसप्रीत बुमराह - 347 विकेट
  • पीयूष चावला - 327 विकेट
  • आर अश्विन - 317 विकेट

RCB को जीता चुके हैं खिताब

भुवनेश्वर कुमार को IPL 2025 सीजन से पहले RCB ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। RCB के इस फैसले का काफी मजाक उड़ाया गया था। कहा गया कि एक तेज गेंदबाज, जिसका करियर ढलान पर है, उस पर फ्रेंचाइजी ने ज्यादा पैसे खर्च कर दिए। हालांकि भुवनेश्वर ने आलोचकों का मुंह बंद करते हुए उस सीजन 14 मैचों में 17 विकेट लेकर RCB की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। मौजूदा सीजन में उनकी गेंदबाजी और धारदार नजर आ रही है।

3 साल से ज्यादा समय से भारतीय टीम से दूर हैं भुवी

भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच नवंबर 2022 में खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। लगभग साढ़े तीन साल से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर भुवनेश्वर की धार में कमी नहीं आई है। वह IPL में लगातार बता रहे हैं कि उनकी ओर फिर से देखा जाना चाहिए। साथ ही घरेलू क्रिकेट में भी वह कमाल करते रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv