Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
88 साल में पहली बार... FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में आखिरकार जीता स्विट्जरलैंड

88 साल में पहली बार... FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में आखिरकार जीता स्विट्जरलैंड

ब्रिल एम्बोलो और डैन एनदोए के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर FIFA वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। स्विट्जरलैंड ने इसके साथ ही 88 साल से चले आ रहे सूखे को खत्म कर दिया है।

दरअसल, उसने 1938 में फ्रांस में खेले वर्ल्ड कप के बाद पहली बार फुटबॉल के महाकुंभ में कोई नॉकआउट मैच जीती है। उसने 1954 में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन वह प्लेऑफ मैच जीतकर अंतिम-8 में पहुंची थी।

स्विट्जरलैंड की टीम पिछले तीन वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ 16 में पहुंची थी लेकिन इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही। इस बार देखना होगा कि वह कहां तक का सफर तय करती है। उसका अगला मुकाबला मंगलवार को कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

एम्बोलो ने दिलाई शुरुआती बढ़त

अल्जीरिया 2014 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप में भाग ले रहा था। वह 2014 में नॉकआउट राउंड तक पहुंचा था लेकिन तब जर्मनी से हार गया था। उसने गुरुवार (2 जुलाई) की रात खेले गए मैच में शुरुआती 10 मिनट तक दबदबा बनाए रखा था लेकिन इसके बाद स्विट्जरलैंड ने बढ़त बनाई और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे योहान मंजाम्बी गेंद लेकर दाहिनी ओर से तेजी से आगे बढ़े और उन्होंने एम्बोलो को शानदार क्रॉस दिया। एम्बोलो को उस पर गोल करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। एम्बोलो ने अपने 26वें इंटरनेशनल गोल का जश्न घुटनों के बल फिसलते हुए मनाया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में एनदोए ने दागा गोल

स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ के शुरू होते ही अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरा हाफ शुरू हुए अभी एक मिनट भी नहीं हुआ था कि एनदोए ने बॉक्स के ऊपरी हिस्से से एक जोरदार शॉट लगाया। अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान ने गोता लगाकर उसे रोकने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। फैबियन रीडर के पास 81वें मिनट में स्विट्जरलैंड के लिए तीसरा गोल करने का सुनहरा मौका था। जब गेंद तेजी से अल्जीरिया के गोल के पास से निकल रही थी तो उन्हें उसे केवल दिशा देनी थी लेकिन वह इसमें असफल रहे।

अल्जीरिया अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहकर राउंड ऑफ 32 में पहुंचा था। अल्जीरिया के मौजूदा हेड कोच व्लादिमीर पेटकोविच ने 2014 से 2021 तक स्विट्जरलैंड को कोचिंग दी थी और 2018 में रूस में खेले गए वर्ल्ड कप में टीम को नॉकआउट राउंड में भी पहुंचाया था।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv