Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अभिषेक बनर्जी अटैक केस: गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व TMC विधायक का करीबी शामिल

अभिषेक बनर्जी अटैक केस: गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व TMC विधायक का करीबी शामिल

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने अब तक इस मामले में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के संबंध सोनारपुर की पूर्व TMC विधायक लवली मैत्रा से बताए जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि यह सिर्फ विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और अभी तक हमले के पीछे की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

वायरल वीडियो के आधार पर हुई गिरफ्तारियां

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश शामिल हैं। दोनों की पहचान घटना से जुड़े वायरल वीडियो के आधार पर की गई। इसके अलावा निर्मल्या सेनगुप्ता उर्फ जॉय को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि तपन माइती और निर्मल्या सेनगुप्ता, दोनों पूर्व विधायक लवली मैत्रा के करीबी माने जाते हैं। वहीं काजल दास और देबाशीष दत्ता को भी हिरासत में लिया गया है, जिनके बारे में भी पूर्व विधायक से जुड़े होने की बात कही जा रही है।

सोनारपुर दौरे के दौरान हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर क्षेत्र में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया और कथित तौर पर उन पर पत्थर, अंडे और जूते फेंके। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को नारेबाजी करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में यह भी नजर आया कि पुलिसकर्मी अभिषेक बनर्जी को सुरक्षा घेरे में वहां से बाहर ले जा रहे हैं और उनकी शर्ट फटी हुई दिखाई दे रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv