Dailyhunt
बंगाल के मुस्लिम बहुल इलाकों में BJP ने किया बड़ा खेल, बढ़ी TMC की टेंशन

बंगाल के मुस्लिम बहुल इलाकों में BJP ने किया बड़ा खेल, बढ़ी TMC की टेंशन

श्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। राज्य की सत्ता की तस्वीर अब साफ होती नजर आ रही है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) ऐतिहासिक बढ़त की ओर है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ममता बनर्जी का अभेद्य किला माने जाने वाले मुस्लिम बहुल इलाकों में भी इस बार तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पैर उखड़ते दिख रहे हैं। शुरुआती चार घंटों की मतगणना में बीजेपी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है।

ममता बनर्जी के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय अल्पसंख्यक वोटों का बिखराव है। जिन 85 मुस्लिम बहुल सीटों पर TMC का एकछत्र राज था, वहां अब कमल खिलता दिख रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार न केवल मुस्लिम वोटों में विभाजन हुआ है, बल्कि हिंदू मतदाताओं की भारी गोलबंदी ने BJP की राह को बेहद आसान बना दिया है।

मुर्शिदाबाद और मालदा में भाजपा की बढ़त

रुझानों में जंगीपाड़ा, मुर्शिदाबाद और मालदा जैसी सीटों पर BJP के उम्मीदवार काफी आगे चल रहे हैं। जंगीपाड़ा में BJP के प्रोसेनजीत 5,001 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। मुर्शिदाबाद सीट पर BJP के गौरी शंकर घोष ने TMC उम्मीदवार पर 44,213 से ज्यादा वोटों की बड़ी बढ़त बना ली है। वहीं मालदा सीट से BJP के गोपाल चंद्र साहा 5,176 वोटों से आगे चल रहे हैं।

दूसरी तरफ मोथाबाड़ी सीट पर TMC के इस्लाम नजरूल 1,664 वोटों से आगे हैं जबकि रतुआ विधानसभा सीट पर टीएमसी के समर मुखर्जी 5,569 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। इन शुरुआती रुझानों से साफ दिख रहा है कि कई सीटों पर मुकाबला कड़ा है और स्थिति लगातार बदल रही है।

क्या बंगाल में बदल गया सत्ता का समीकरण?

साल 2021 के विधानसभा चुनाव में TMC ने मुस्लिम बहुल 85 सीटों में से 75 सीटें जीत ली थीं लेकिन 2026 के मौजूदा रुझान बिल्कुल उलट तस्वीर दिखा रहे हैं। अभी BJP 181 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि TMC करीब 100 सीटों के आसपास ही संघर्ष करती नजर आ रही है। ये 85 सीटें उन जिलों में आती हैं जहां मुस्लिम आबादी 35% से ज्यादा है। इनमें मुर्शिदाबाद जिले की 22 विधानसभा सीटें, मालदा की 12 सीटें, उत्तर दिनाजपुर की 9 सीटें, बीरभूम की 11 सीटें और दक्षिण 24 परगना की 31 विधानसभा सीटें शामिल हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv