Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बस स्टैंड टेंडर विवाद: तेज प्रताप को हराने वाले RJD नेता मुकेश रौशन पर केस दर्ज

बस स्टैंड टेंडर विवाद: तेज प्रताप को हराने वाले RJD नेता मुकेश रौशन पर केस दर्ज

हाजीपुर के रामाशीष चौक बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के महुआ से पूर्व विधायक मुकेश कुमार रौशन समेत कई लोगों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 अगस्त को होने वाले ओपन टेंडर को प्रभावित करने के लिए बस स्टैंड पर हंगामा किया गया, लोगों को धमकाया गया और टेंडर प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शिकायतकर्ता रविन्द्र कुमार के अनुसार सरकारी अभिलेखों में रामाशीष चौक बस स्टैंड का वार्षिक टेंडर मूल्य लगभग 6 लाख रुपये है लेकिन आरोप है कि इस बस स्टैंड से अवैध वसूली के जरिए हर महीने करीब 30 लाख रुपये की कमाई की जाती है। इसी अवैध आर्थिक लाभ को बचाए रखने के लिए वैध टेंडर प्रक्रिया में लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने का प्रयास किया तो उन्हें धमकाया गया। 9 अगस्त को होने वाले ओपन टेंडर से पहले ही माहौल खराब करने की साजिश रची गई। आरोप है कि पूर्व विधायक मुकेश कुमार रौशन के इशारे पर उनके समर्थकों ने बस स्टैंड पर हंगामा किया और टेंडर से जुड़े दस्तावेजों को फाड़ दिया ताकि प्रक्रिया आगे न बढ़ सके। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह सब कुछ अवैध वसूली के सिंडिकेट को बचाने के लिए किया गया।

2 लाख नगद और सोने का चैन लूटने का आरोप

एफआईआर में सबसे गंभीर आरोप जानलेवा हमले और लूटपाट का है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूर्व विधायक मुकेश कुमार रौशन के इशारे पर लालबाबू राय ने उन पर हंसुआ से हमला कर दिया जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। हमले के दौरान टेंडर से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात भी फाड़ दिए गए। इसके अलावा आरोपियों ने 2 लाख रुपये नकद और गले से सोने की चेन भी लूट ली। जाते समय शिकायतकर्ता और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घायल अवस्था में शिकायतकर्ता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट को भी केस में शामिल किया है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है और कई दुकानदारों ने सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस की विशेष टीम कर रही है मामले की जांच

इस मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक मुकेश कुमार रौशन, लालबाबू राय सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। एसपी ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी खंगाले जा रहे हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि 9 अगस्त को प्रस्तावित बस स्टैंड का टेंडर तय समय पर होगा और किसी को भी प्रक्रिया बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं पूर्व विधायक मुकेश कुमार रौशन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। अब पूरे मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बस स्टैंड की वैध टेंडर के पीछे कौन लोग बाधा बन रहे थे और अवैध वसूली का नेटवर्क कितना बड़ा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv