Dailyhunt
BJP नेता के भांजे की हत्या करके भागा, 24 घंटे में बिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार

BJP नेता के भांजे की हत्या करके भागा, 24 घंटे में बिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार

संजय सिंह, पटना, बिहार के सीवान जिले में एक मामूली सड़क विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई हुई जिसकी चर्चा अब पूरे राज्य में है। इस मामले में पुलिस की तेज कार्रवाई ने पूरे घटनाक्रम को नई दिशा दे दी।

भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी तक पहुंच गई। आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है।

इस हाई प्रोफाइल मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीरत ही आरोपी को एनकाउंटर में घायल किया और उसके बाद गिरफ्तार भी कर लिया। इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि राज्य में अपराध के खिलाफ पुलिस अब सख्त रुख अपनाए हुए है। नई सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग की सक्रियता दिख रही है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बुधवार शाम नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई। जानकारी के अनुसार, चंदन सिंह अपने पुत्र हर्ष के साथ तिलक समारोह में जाने के लिए सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को हल्की टक्कर मार दी। पहले तो यह मामला सामान्य कहासुनी तक सीमित था लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया।

आरोप है कि दूसरी कार में सवार बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिए और बाप और बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में हर्ष सिंह को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

गोलीबारी की वीडियो वायरल

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बारिश के बीच हुई इस गोलीबारी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं । वीडियो में लोगों की चीख-पुकार और अफरातफरी साफ देखी जा सकती है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब वायरल हो रहा है।

घटना के बाद हरकत में आई पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की सूचना मिलते ही तुरंत हरकत में आई। एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और तकनीकी साबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में की।

आरोपी ने पुलिस पर किया हमला

पुलिस ने गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उसे हिरासत में लिया और हथियार बरामदगी के लिए उसके बताए स्थान पर ले गई। इसी दौरान छोटू यादव ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि उसने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां आरोपी के दोनों पैरों में लगीं। इसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को पहले सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया है कि इस वारदात में कुल चार लोग शामिल थे। पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस बना रही दबाव

जांच में यह भी सामने आया है कि छोटू यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में छपरा जेल से बाहर आया था। पुलिस का मानना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से पहले भागलपुर में भी एक बड़े आरोपी के मुठभेड़ में मारे जाने की खबर आई थी, जिससे यह साफ है कि बिहार पुलिस लगातार अपराधियों पर दबाव बना रही है। सीवान की यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जहां कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तेजी से और सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv