Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दिल्ली से पंजाब तक बदले BJP के अध्यक्ष, कहां, किसे मिला मौका?

दिल्ली से पंजाब तक बदले BJP के अध्यक्ष, कहां, किसे मिला मौका?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक साथ कई राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। केंद्र सरकार में मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों और हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश बीजेपी की कमान सौंपी गई है।

इन सभी राज्यों में लंबे समय से बदलाव नही हुआ था। पंजाब में सुनील जाखड़ 2023 से, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा मार्च 2023 से और हरियाणा में मोहन लाल बड़ोली जुलाई 2024 से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर काबिज थे।

ये बदलाव दिखा रहे हैं कि बीजेपी ने दिल्ली में एक जमीनी और अपने पुराने नेता, पंजाब में कांग्रेस से आए पुराने नेता, हरियाणा में महिला और त्रिपुरा में कम उम्र के नेता पर दांव लगाया है। हर्ष मल्होत्रा सांसद बनने से पहले पूर्वी दिल्ली के मेयर रहे हैं और लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे हैं।

कौन, किसकी जगह लेगा?

दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा लंबे समय से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का काम देख रहे हैं। अब उनकी जगह हर्ष मल्होत्रा को यह जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह पंजाब में सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह डिल्लों, हरियाणा में मोहन लाल बड़ोली की जगह डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में राजीव भट्टाचार्य की जगह पर अभिषेक देबरॉय को नियुक्त किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्रों में कहा गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कौन हैं केवल सिंह ढिल्लों?

पंजाब में बीजेपी ने एक बार फिर से कांग्रेस से आए नेता पर ही भरोसा जताया है। इससे पहले सुनील जाखड़ भी कांग्रेस से बीजेपी में आए थे और प्रदेश अध्यक्ष बन गए थे। बरनाला जिले से आने वाले केवल सिंह ढिल्लों 20207 और 2012 में कांग्रेस के टिकट पर बरनाला से विधायक बने। 2017 में आम आदमी पार्टी के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने उन्हें चुनाव हरा दिया था। 2022 में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया।

2022 में ही वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद जब संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुए तो केवल सिंह ढिल्लों को बीजेपी ने लोकसभा का उम्मीदवार बनाया। तब वह चौथे नंबर पर रहे और यहां से सिमरनजीत सिंह मान ने जीत हासिल की। 2024 में जब गुरमीत हेयर लोकसभा के सांसद बन गए तो बरनाला विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए और तब केवल सिंह ढिल्लों बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े। हालांकि, तब वह तीसरे नंबर पर थे और कांग्रेस के कुलदीप सिंह ढिल्लों ने जीत हासिल की थी।

कौन हैं अर्चना गुप्ता और हर्ष मल्होत्रा?

बीजेपी ने हरियाणा में एक महिला को मौका दिया है। हरियाणा के पानीपत जिले से आने वाली डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश बीजेपी की महामंत्री और जिलाध्यक्ष रहीं अर्चना गुप्ता मूलरूप से रेडियोलॉजिस्ट रही हैं।

पूर्वी दिल्ली के सांसद और केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा 2024 में पहली बार लोकसभा का चुनाव जीते थे। वह गौतम गंभीर की जगह चुनाव लड़ने उतरे थे और जीतने के बाद पहली बार में ही केंद्र सरकार में मंत्री बन गए थे। इससे पहले वह पूर्व दिल्ली के वेलकम कॉलोनी से साल 2012 में पार्षद बने थे और 2015 से 2016 तक पूर्वी दिल्ली के मेयर भी रहे थे।

अभिषेक देबरॉय कौन हैं?

BJP ने त्रिपुरा में भी बदलाव किया है। अब राजीव भट्टाचार्य की जगह पर मौजूदा विधायक अभिषेक देबरॉय को प्रदरेश अध्यक्ष बनाया गया है। गोमती जिले की मटरबारी विधानसभा सीट से पहली बार के विधायक अभिषेक देबरॉय ने 2023 में कांग्रेस के प्राणजीत रॉय को हराकर जीत हासिल की थी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv