Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एक और नीट छात्रा ने किया सुसाइड, इकलौती संतान के पिता ने सुनाया दर्द

एक और नीट छात्रा ने किया सुसाइड, इकलौती संतान के पिता ने सुनाया दर्द

नीट पेपर लीक का सदमा छात्र नहीं सह पा रहे हैं, जिसकी वजह से छात्रों में आत्महत्या करने के मामले बढ़ रहे हैं। ताजा मामले झारखंड के कोडरमा जिले से आया है, जहां नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया।

छात्रा के परिवार ने दावा किया कि परीक्षा रद्द होने से हताश होकर उसने आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात तेलैया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर में हुई। पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने छात्रा को रात के खाने के लिए बुलाया, उस वक्त 17 वर्षीय लड़की अपने कमरे में अकेली थी।

पुलिस के मुताबिक, काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर परिवार वालों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो उसे दुपट्टे से लटका हुआ पाया। छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया गया है।

नीट-यूजी की तैयारी कर रही थी छात्रा

लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने तीन मई को नीट-यूजी की परीक्षा दी थी और उसे अपने प्रदर्शन को लेकर काफी उम्मीद थी। उन्होंने बताया कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह परेशान हो गई और उसे डर था कि दोबारा होने वाली परीक्षा पहले की तुलना में कठिन होगी।

पिता ने क्या बताया?

छात्रा के पिता बीमा एजेंट का काम करते हैं। उन्होंने बताया, 'हमने उसे कई बार समझाया और वो सदमे से उबरती हुई लग रही थी। उसने अपनी तैयारी फिर से शुरू कर दी थी और नियमित रूप से ऑनलाइन टेस्ट दे रही थी।' उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने रविवार शाम को भी ऑनलाइन टेस्ट दिया था।

पिता ने बताया, 'रात के खाने के समय हमने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। हम चिंतित हो गए और जब हमने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो उसका शव मिला।' परिवार मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का रहने वाला है और छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।

कर्नाटक में भी आत्महत्या

इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी में 18 साल की छात्रा भाग्यश्री ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। यह घटना 24 मई को सामने आई थी। छात्रा अपने कमरे में पंखे से लटकी हुई मिली थी। वह पढ़ाई में बहुत तेज थी और उसने अपनी प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स (PUC) परीक्षाओं में 92 प्रतिशत हासिल किए थे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv