Dailyhunt
'गला घोंटकर पत्नी की हत्या', पति ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?

'गला घोंटकर पत्नी की हत्या', पति ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?

केरल के त्रिशूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय उन्नीमाया के तौर पर हुई है।

वह अविनिस्सेरी के वट्टमावु क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक पति ने गला घोंटकर महिला की जान ली है।

त्रिशूर पुलिस के मुताबिक उन्नीमाया एक निजी कंपनी में काम करती थी। घर के ऊपरी मंजिल पर ड्यूटी जाने के लिए तैयार हो रही थी। तभी पति शिवप्रसाद ने उस पर हमला कर दिया और गला घोंटकर घर से फरार हो गया। घर में शोर-शराबे के बाद शिवप्रसाद की मां ने पड़ोसियों को इकट्ठा किया। मगर आरोपी ने किसी को घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शिवप्रसाद घर से भाग गया। इसके बाद पड़ोसी ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में पहुंचा। यहां महिला बेसुध हालात में मिली। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक शिवप्रसाद और उन्नीमाया की करीब 10 साल पहले शादी हुई थी। दोनों विवाह से पहले भी रिश्ते में थे। हत्या की वजह के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। मगर पुलिस को शक है कि उसने अवैध संबंध के आशंका में वारदात को अंजाम दिया। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv