Dailyhunt
हैदराबाद में फिर हार गई पंजाब किंग्स, कोनोली की सेंचुरी भी नहीं दिला पाई जीत

हैदराबाद में फिर हार गई पंजाब किंग्स, कोनोली की सेंचुरी भी नहीं दिला पाई जीत

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 49वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। बुधवार (6 मई) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर SRH ने 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में PBKS 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी और 33 रन से मुकाबला गंवा बैठी।

कूपर कोनोली ने 59 गेंद में नाबाद 107 रन की पारी खेली लेकिन वह सिर्फ हार का अंतर ही कम कर सके। मौजूदा सीजन में PBKS की यह लगातार तीसरी हार रही। वहीं हैदराबाद में SRH के खिलाफ उसने लगातार 9वां मुकाबला गंवाया। SRH ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल कर लिया है। PBKS अब दूसरे पायदान पर खिसक गई है।

SRH के बल्लेबाजों ने फिर उड़ाया गर्दा

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 54 रन बटोरे। लॉकी फर्ग्यूसन ने अभिषेक को आउट कर इस खतरनाक जोड़ी को तोड़ा। अभिषेक ने 13 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 35 रन ठोके। हेड ने 19 गेंद में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। वह पावरप्ले के बाद युजवेंद्र चहल का शिकार बने।

हेड के आउट होने के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर विशाल स्कोर की नींव रखी। इस दौरान दोनों को PBKS ने कई जीवनदान भी दिए। ईशान का दो कैच छूटा। साथ ही वह एक बार स्टंप होने से भी बचे। ईशान ने इन जीवनदान का फायदा उठाकर 32 गेंद में 55 रन ठोके, जिसमें 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। क्लासेन का एक कैच ड्रॉप हुआ। उन्होंने पारी का आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 43 गेंद में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। नीतीश कुमार रेड्डी 13 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और इतने ही छक्के जड़े।

शुरुआत में ही बिखर गई PBKS की पारी

विशाल टारगेट को चेज करने में माहिर PBKS की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर 23 रन पर पवेलियन लौट गए। पावरप्ले में लगे इन 3 झटकों से PBKS कभी संभल ही नहीं पाई और कभी मुकाबले में नहीं दिखी। कोनोली ने एक छोर संभाले रखकर शतकीय पारी खेली लेकिन वह सिर्फ PBKS के नेट रन रेट को खराब होने से ही बचा पाए। SRH की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने सामने से अगुवाई करते हुए 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवांग कुमार को भी 2 सफलता मिली लेकिन उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 45 रन खर्चे। नीतीश कुमार रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन ने 1-1 विकेट चटकाए।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv