एक्ट्रेस और मॉडल अनुष्का रंजन ने हाल ही में अपने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) आईवीएफ के सफर को लेकर ऐसा खुलासा किया जिसने कई लोगों को ध्यान खींचा है। अनुष्का ने बताया कि इस दौरान उन्हें 150 से ज्यादा इंजेक्शन लेने पड़े।
यह सफर उनके लिए बहुत मुश्किल भरा साबित हुआ। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि आईवीएफ में सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ इंजेक्शन नहीं बल्कि उससे जुड़ा इमोशनल स्ट्रेस भी होता है।
ईशा सिंह से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक सभी ने इस विषय के बारे में लोगों को बहुत जागरूक किया है। ऐसे में अब अनुष्का रंजन ने भी अपनी आईवीएफ जर्नी के बारे खुलकर बात की है। अनुष्का ने बताया कि आईवीएफ के दौरान कई बार उन्हें दर्द और थकान की वजह से ऐसा लगता था कि अब वह आगे नहीं बढ़ पाएंगी। इस मु्श्किल समय में उनके पति आदित्य सील हर कदम पर उनके साथ रहे और उन्हें हिम्मत देते रहे।
अनुष्का रंजन ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा, 'जब भी आदित्य मुझे यह इंजेक्शन लगाने ले जाते थे, मैं रोने लगती थी, दर्द से कराहने लगती थी। जब वह दूसरा इंजेक्शन लेकर मेरी तरफ आते थे, तो मैं सोचती कि बस अब मैं और इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती।' अनुष्का का कहना है कि आईवीएफ का सफर बाहर से जितना आसान दिखता है असल में उतना ही चुनौतिपूर्ण होता है।
डॉक्टर क्या कहते हैं?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक आईवीएफ के दौरान हार्मोनल इंजेक्शन और दवाओं की वजह से शरीर में कई तरह के बदलाव हो सकत हैं। कई महिलाओं को बार-बार इंजेक्शन लेने पड़ते हैं और अगर एक से ज्यादा आईवीएफ साइकिल करनी पड़ें तो इनकी संख्या 100 से 150 या उससे भी अधिक हो सकती है। ऐसे में डॉक्टर सलाह देते हैं कि इलाज के दौरान मानसिक स्वास्थ्य का भी उतना ही ध्यान रखना चाहिए जितना शारीरिक स्वास्थ्य का।
IVF के दौरान किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है?
- बार-बार इंजेक्शन लगने का दर्द
- मानसिक तनाव और चिंता
- मूड स्विंग्स
- शरीर में थकान और कमजोरी
- हर साइकिल के रिजल्ट को लेकर उम्मीद और निराशा
कौन हैं अनुष्का रंजन?
अनुष्का रंजन एक मशहूर भारतीय एक्ट्रेस और मॉडल हैं। इन्होंने मनीष मल्होत्रा, विक्रम फडनीस, नीता लुल्ला, एमी बिलिमोरिया और कई अन्य ऐसे बड़ों डिजाइनरों के लिए मॉडलिंग की है। अनुष्का ने अक्टूबर 2015 में रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'वेडिंग पुलाव' के साथ हिंदी सिनेमा की शुरुआत की।

