Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मोटर निकालने कुएं में उतरा भाई, बचाने कूदा दूसरा...दोनों की दर्दनाक मौत

मोटर निकालने कुएं में उतरा भाई, बचाने कूदा दूसरा...दोनों की दर्दनाक मौत

त्तर प्रदेश के जिला जालौन में रक्षाबंधन के पर्व पर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। कैलिया थाना क्षेत्र के करियावली गांव में खेत के करीब 60 फीट गहरे कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

दोनों भाई कुएं में डूबी सिंचाई का मोटर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान छोटे भाई को डूबता देखकर बड़ा भाई भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गया और दोनों गहरे पानी में समा गए।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। करियावली गांव के किनारे फूल सिंह कुशवाहा और उनके छोटे भाई रामलखन कुशवाहा का खेत है।

खेत में सिंचाई के लिए करीब 60 फीट गहरा कुआं बना हुआ है, जिसमें मोटर पंप लगा था। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के चलते कुएं में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। शुक्रवार को पानी बढ़ने के कारण मोटर डूबने लगी थी।

मोटर निकालने कुएं में उतरा छोटा भाई

बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय रामलखन कुशवाहा मोटर को बाहर निकालने के लिए रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए। वह मोटर निकालने का प्रयास कर ही रहे थे कि अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। छोटे भाई को मुश्किल में देखकर 65 वर्षीय फूल सिंह कुशवाहा भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। लेकिन देखते ही देखते दोनों भाई गहरे पानी में डूब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कैलिया थाना पुलिस के साथ डायल-112 की टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद निकाले गए शव

रेस्क्यू अभियान के दौरान काफी प्रयास के बाद दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले जा सके। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। रक्षाबंधन के दिन एक साथ दो भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की ओर से हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं

जिस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, उसी दिन करियावली गांव के एक परिवार ने अपने दो सगे भाइयों को खो दिया। 55 वर्षीय रामलखन और 65 वर्षीय फूल सिंह की मौत की खबर से परिवार के साथ पूरा गांव स्तब्ध है। रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे ने पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv