Dailyhunt
'सोनम को घर में नहीं रखेंगे', जमानत मिलने के बाद भाई गोविंद ने क्या कहा?

'सोनम को घर में नहीं रखेंगे', जमानत मिलने के बाद भाई गोविंद ने क्या कहा?

राजा रघुवंशी हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि हमने सोनम को उसके हाल में छोड़ दिया है। परिवार के किसी भी सदस्य ने जमानत मिलने में उसकी कोई मदद नहीं की।

न ही कोई वकील किया। बता दें कि हाल में ईस्ट खासी हिल्स की कोर्ट से सोनम को जमानत मिली है। इस पर राजा रघुवंशी के परिवार ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और मायके पर जुबानी हमला बोला।

न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में गोविंद रघुवंशी ने कहा,'सोनम की जमानत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मीडिया से जमानत मिलने खबर मिली। मैंने अपनी बहन की मदद की खातिर कोई वकील भी नियुक्त नहीं किया था।'

हालांकि जेल से रिहा होते वक्त सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी को शिलांग में देखा गया था। जब इस बारे में गोविंद से पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'अदालत के आदेश पर पिता शिलांग पहुंचे थे और वहां से लौट आए हैं। हमने सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है।'

गोविंद ने यह भी कहा कि सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे। उधर, राजा रघुवंशी के बड़े बाई विपिन ने सोनम और उसके साथियों से जान का खतरा बताया। उन्होंने सोनम के परिवार पर विश्वासघात और झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।

पिछले साल 11 मई को इंदौर में राजा रघुवंशी और सोनम का विवाह हुआ था। 20 मई को दोनों हनीमून पर मेघालय पहुंचे। 23 मई से राजा रघुवंशी लापता हो गए। दो जून को ईस्ट खासी हिल्स के सोहरा क्षेत्र में एक झरने के पास खाई में शव मिला था। 9 जून को यूपी के गाजीपुर से सोनम को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा और तीन अन्य दोस्तों को भी पकड़ा गया था।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv