Dailyhunt
'यह सपा का आचरण है', गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करके खूब बरसे योगी

'यह सपा का आचरण है', गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करके खूब बरसे योगी

त्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष पर केरोसिन (मिट्टी का तेल) की कालाबाजारी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में एलपीजी के सिलेंडर तो मिलते नहीं थे, डंडे जरूर पड़ जाते हैं।

उस समय कनेक्शन की समस्या थी। किसी परिवार को अगर शादी में बेटी को एक सिलेंडर देने की इच्छा होती थी तो कांग्रेस की सरकार नहीं देने देती थी। समाजवादी पार्टी की सरकार डंडा मारती थी।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि देश में 10 करोड़ महिलाओं को फ्री में एलपीजी कनेक्शन दिए गए, जो कांग्रेस की सरकार में 25 से 50 हजार रुपये में ब्लैक होते थे। देश के अंदर 50 करोड़ महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का आयुष्मान भारत योजना का लाभ मोदी ने दिया। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और 1995 के गेस्ट हाउस कांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा, '1995 की घटना सबको याद है। जब प्रदेश की महिला दलित मुख्यमंत्री के साथ गेस्ट हाउस कांड हुआ था। यह समाजवादी पार्टी का आचरण है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के वक्तव्यों को अगर देखेंगे... आप याद करिए कि उस समय की बहुजन समाज पार्टी की नेत्री, जो बाद में प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं। भारतीय जनता पार्टी ने उनका समर्थन किया कि एक दलित की बेटी को सम्मान मिलना चाहिए।'

योगी ने आगे कहा, 'उनकी (बसपा) बैसाखी पर सरकार तो सपा चला रही थी। नैतिक दायित्व तो आप लोगों का था, लेकिन आप लोगों की राक्षसी वृत्ति पर रोक लगाने की खातिर तत्कालीन रूप से आवश्यक था कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें (मायावती) सपोर्ट करे। स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने अपनी जान पर खेलकर समाजवादी पार्टी के गुंडों से भिड़े थे।'

गुंडा के सामने नतमस्तक थी सपा

योगी आदित्यनाथ ने राजू पाल हत्याकांड का जिक्र किया और कहा कि एक गुंडा और माफिया के आगे समाजवादी पार्टी किस प्रकार नतमस्तक होती थी, इसका सबसे बड़ा उदाहरण समाजवादी पार्टी की ही विधायक पूजा पाल है। सपा पर बरसते हुए कहा, 'आप लोग पूजा पाल की आंखों के आंसू भी नहीं पोछ पाएं। आप लोगों की कोई सहानुभूति नहीं थी। आप जाति के नाम पर समाज को बांटते हैं। वास्तव में आप की सहानुभूति महिलाओं, पिछड़ों और दलितों के प्रति नहीं है। स्टेट गेस्ट हाउस की घटना, पूजा पाल का मामला और ऐसे ही कई उदाहरण मौजूद हैं।'

'विपक्ष ऐसे रंग बदलता है, गिरगिट भी सकुचा जाए'

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, 'आप (विपक्षी दलों के) लोगों के आचरण को देखकर गिरगिट भी सकुचा जाएगा कि कैसे रंग बदला जाता है। संसद में आचरण कैसा... यहां आचरण कैसा। दिल्ली से लखनऊ पहुंचते-पहुंचते जब आधी आबादी के आचरण को झेलना पड़ रहा है तो यहां आपके रंग बदल गए। अब कह रहे हैं कि 33% आरक्षण होना चाहिए तो फिर सदन में विरोध क्यों किया?

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: khabaraganv