Dailyhunt
अनुबंधित बसों को रोडवेज बस स्टैंड से संचालन की मांग, एआरएम ऑफिस पहुंचे राकेश टिकैत

अनुबंधित बसों को रोडवेज बस स्टैंड से संचालन की मांग, एआरएम ऑफिस पहुंचे राकेश टिकैत

Khabar Monkey 1 week ago

मुजफ्फरनगर। बागपत-बड़ौत एवं मेरठ डिपो की अनुबंधित बसों को शहर के मुख्य रोडवेज बस स्टैंड से संचालित कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय राकेश टिकैत के नेतृत्व में तीनों जिलों के ट्रांसपोर्टर सोमवार को एआरएम (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक) कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि वर्तमान में अनुबंधित बसों का संचालन वहलना और राणा चौक आदि जगहों से होने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सही बस पकड़ने में दिक्कत होती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

उन्होंने एआरएम प्रभात सिन्हा से कहा कि सभी अनुबंधित बसों का संचालन रोडवेज बस स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकें। इससे परिवहन व्यवस्था भी बेहतर होगी और बसों की आवाजाही में पारदर्शिता आएगी। एआरएम ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और उचित स्तर पर विचार कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। टिकैत ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो किसान यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, हेमेन्द्र चौधरी, गुरमिल बाजवा सहित कई ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।

डीएम लेंगे बसों का बाहर या शहर के अंदर से संचालन को लेकर फैसलाबताया जाता है कि सोमवार की सांय 4.30 बजे भाकियू के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टर और एआरएम आदि अधिकारियों की डीएम उमेश मिश्रा से भी इसको लेकर वार्ता हुई। बता दें कि रोडवेज बस अड्डा पर सिर्फ मुजफ्फरनगर डिपो का ही प्रवेश की अनुमति मिली हुई है जबकि मेरठ, बागपत-बड़ौत और शामली आदि जनपदों से आने वाली अनुबंधित बसों को वहलना-राणा चौक पर ही रोक दिया जाता है। इसकी वजह से शहर में अक्सर जाम लगना बताया जाता है। लेकिन बसों को शहर के बाहरी सीमा पर रोकने से यात्रियों को शहर आने में भारी दिक्कतें आ रही है। इतना ही नहीं यात्रियों से थ्र्री व्हीलर चालक एवं ई रिक्शा चालक मनमाने तरीके से किराया वसूली करते हैं। एआरएम प्रभात सिन्हा ने बताया कि शीघ्र ही डीएम के स्तर पर अनुबंधित बसों का संचालन शहर के अंदर से या फिर सभी बसों का संचालन शहर की सीमाओं से होगा, का निर्णय लिया जाएगा।

रोजाना मेरठ से आ रही 40 से 50 अनुबंधित बसेंजानकारी के अनुसार भैंसाली बस डिपो से करीब 40 से 50 बसें मुजफ्फरनगर यात्रियों को लेकर आती है लेकिन इनमें से अधिकांश बसों को वहलना चौक पर ही रोक दिया जाता है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि बागपत-बड़ौत से भी 16 से 17 बसें आ रही है। इससे रोडवेज व ट्रांसपोर्टरों के आमदनी पर भी फर्क पड़ रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Monkey