Dailyhunt
सत्ता में आते ही हिमाचल में यूसीसी लागू करेगी भाजपा, एक राष्ट्र-एक चुनाव को भी समर्थन, बैठक में फैसला

सत्ता में आते ही हिमाचल में यूसीसी लागू करेगी भाजपा, एक राष्ट्र-एक चुनाव को भी समर्थन, बैठक में फैसला

Khabar Monkey 2 weeks ago

मंडी। हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने पर यूसीसी यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू कर दिया जाएगा। साथ ही केंद्र के एक राष्ट्र-एक चुनाव के प्रस्ताव को भी पूरा समर्थन दिया जाएगा। यह निर्णय मंडी में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिया गया।

मीडिया से संवाद में यह जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने दी। अनुराग ठाकुर ने जहां केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की सराहना की, वहीं कांग्रेस को भी जमकर घेरा।

अनुराग ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के अलावा विकास का खास ख्याल रखा जाएगा। कहा कि पीएम मोदी ने छोटा राज्य होने के बाद भी हिमाचल का खास ख्याल रखा है। दूसरे दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बैठक की अध्यक्षता की। वहीं, प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।

अनुराग की सीएम सुक्खू को खुली चुनौती
अनुराग ने कहा कि इन दिनों असम चुनाव के दौरान स्टार प्रचार की भूमिका निभा रहे हिमाचल के सीएम सुक्खू भाजपा को धर्म व जाति के नाम पर बांटने के झूठे आरोप लगा रहे है। उन्होंने सीएम को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनकी कही बातों में जरा भी सच्चाई है तो इसका एक भी आंकड़ा प्रस्तुत करके दिखाएं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि असम में कांग्रेस की एक बार फिर हार होने वाली है और भाजपा यहां तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक प्रस्ताव पारित
प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में यह संकल्प लिया है कि कांग्रेस सरकार के हर भ्रष्टाचार, हर घोटाले और हर जनविरोधी निर्णय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा और प्रदेश को इस भ्रष्ट और विफल सरकार से मुक्त कराने के लिए व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। यह केवल राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य को बचाने की निर्णायक लड़ाई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Khabar Monkey