Dailyhunt
नागरिक सुरक्षा वार्डेन क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का गरिमामय समापन

नागरिक सुरक्षा वार्डेन क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का गरिमामय समापन

KHUSHI SAMAY 3 months ago

लखनऊ ।  इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ स्थित मून हॉल में संचालित नागरिक सुरक्षा संगठन के वार्डेन क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डी.के. ठाकुर (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरान्त नागरिक सुरक्षा संगठन के चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र द्वारा पुलिस महानिदेशक डी.के. ठाकुर को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी वार्डेनों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक डी.के. ठाकुर ने कहा कि आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों तथा जन-सुरक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित नागरिक सुरक्षा वार्डेनों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा-भाव एवं निरन्तर प्रशिक्षण के माध्यम से समाज सेवा हेतु सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी वार्डेनों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के क्षमता निर्माण कार्यक्रम स्वयंसेवकों के कौशल विकास के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल चार सत्रों में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक सत्र की अवधि सात दिवस की रही। प्रत्येक सत्र में 90 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 360 वार्डेनों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन निरन्तर किया जाएगा, जिससे नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को और अधिक सक्षम एवं प्रशिक्षित बनाया जा सके।

समारोह में स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डेन ऋतुराज रस्तोगी, सुनील शुक्ला, नफीस अहमद, डॉ. दिनेश माथुर, सुनील तिवारी, अरविन्द मिश्रा, माजिद अली, रामगोपाल एश्वर्य, ज्योति खरे, अय्याज सिद्दीकी, सुनील कुमार यादव, राजेन्द्र श्रीवास्तव, सुनील करन चंदानी, गुफरान, उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार, एडीसी मनोज वर्मा, ऋषि कुमार, मुकेश, ममता रानी, रेखा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: KHUSHI SAMAY