Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गर्मी में भी बकरियां नहीं पड़ेंगी बीमार, जानें हीट स्ट्रेस से बचाने के आसान उपाय.. एक्सपर्ट दे रहे सलाह

गर्मी में भी बकरियां नहीं पड़ेंगी बीमार, जानें हीट स्ट्रेस से बचाने के आसान उपाय.. एक्सपर्ट दे रहे सलाह

Kisan India 1 month ago

Heat Stress: देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर बकरी पालन करने वाले किसानों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण बन गया है. तेज धूप और लू के कारण बकरियों में हीट स्ट्रेस तेजी से बढ़ रहा है, जिससे उनकी सेहत और उत्पादन पर बुरा असर पड़ रहा है.

ऐसे में केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के पशु विशेषज्ञ डॉ. वाई के सोनी के अनुसार, किसानों को सावधानी बरतने और सही देखभाल करने की सलाह दी है, ताकि नुकसान से बचा जा सके.

गर्मी में बकरियां क्यों होती हैं ज्यादा प्रभावित

डॉ वाई के सोनी के अनुसार, बकरियां गर्मी के प्रति बहुत संवेदनशील होती हैं. ज्यादा तापमान होने पर उनमें हीट स्ट्रेस की समस्या जल्दी विकसित हो जाती है. इस स्थिति में बकरियां कम चारा खाती हैं, पानी ज्यादा पीती हैं और धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं. इसका सीधा असर उनके वजन और दूध उत्पादन पर पड़ता है. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है और कई बार जानलेवा भी साबित हो सकती है. इसलिए गर्मी के मौसम में बकरियों की खास देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है.

ठंडी और हवादार जगह में रखें बकरियां

विशेषज्ञ का कहना है कि बकरियों को गर्मी से बचाने के लिए सबसे जरूरी है कि उन्हें ठंडी और हवादार जगह पर रखा जाए. पशुओं का शेड इस तरह होना चाहिए कि उसमें हवा का अच्छा आवागमन हो और सीधी धूप अंदर न पहुंचे. शेड की छत पर घास, टाट या बोरी डालकर तापमान को कम किया जा सकता है. इसके अलावा, बकरियों को हमेशा साफ और ठंडा पानी पर्याप्त मात्रा में देना चाहिए. पानी के बर्तनों को नियमित रूप से साफ रखना भी जरूरी है, ताकि किसी तरह का संक्रमण न फैले.

साफ-सफाई और सही प्रबंधन है जरूरी

गर्मी के मौसम में शेड की साफ-सफाई का खास ध्यान रखना चाहिए. गंदगी, गोबर और गीला बिछावन तुरंत हटाना जरूरी है, क्योंकि इससे बैक्टीरिया और बीमारियों का खतरा बढ़ता है. समय-समय पर शेड में कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव करना भी फायदेमंद होता है. इससे बकरियां स्वस्थ रहती हैं और बीमारियों से बचाव होता है. इसके साथ ही बकरियों को ज्यादा भीड़ में रखने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे गर्मी और तनाव दोनों बढ़ते हैं.

हीट स्ट्रेस से बढ़ता है मौत का खतरा

विशेषज्ञ के अनुसार, गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाहीभी बड़ा नुकसान कर सकती है. हीट स्ट्रेस, पानी की कमी, गलत आहार और गंदगी के कारण बकरियों की मृत्यु दर तक बढ़ सकती है. अगर किसान समय रहते इन आसान उपायों को अपनाते हैं, तो वे न केवल अपने पशुओं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि उनकी उत्पादन क्षमता भी बढ़ा सकते हैं. गर्मी के इस मौसम में सतर्कता और सही देखभाल ही बकरी पालन को सुरक्षित और फायदेमंद बना सकती है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Kisan India