Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गेहूं खरीदी में 17 फीसदी उछाल, 3 करोड़ टन के पार पहुंचा आंकड़ा.. जानें किस राज्य में हुई कितनी खरीद

गेहूं खरीदी में 17 फीसदी उछाल, 3 करोड़ टन के पार पहुंचा आंकड़ा.. जानें किस राज्य में हुई कितनी खरीद

Kisan India 5 days ago

Wheat Procurement: देश में इस साल गेहूं की सरकारी खरीद में बड़ा उछाल देखने को मिला है. चालू गेहूं खरीद सीजन में सरकार ने 31 मई तक 3.499 करोड़ टन गेहूं की खरीद कर ली है. यह पिछले साल इसी अवधि में खरीदे गए 2.982 करोड़ टन गेहूं के मुकाबले करीब 17 फीसदी अधिक है.

भारतीय खाद्य निगम (FCI) और अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई यह खरीद सरकार के 3.45 करोड़ टन के लक्ष्य को भी पार कर चुकी है. शुरुआत में खरीद लक्ष्य 3.03 करोड़ टन रखा गया था, लेकिन राज्यों की मांग पर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इसे बढ़ा दिया गया.

सरकार को इस साल रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन की उम्मीद है. कृषि मंत्रालय ने पहले गेहूं उत्पादन का अनुमान 12.021 करोड़ टन लगाया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 12.066 करोड़ टन कर दिया गया. मंत्रालय के अनुसार, कुछ इलाकों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान होने के बावजूद उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर रहने का अनुमान है. यह अनुमान पिछले वर्ष के 11.794 करोड़ टन उत्पादन की तुलना में करीब 2.3 फीसदी अधिक है.

रिलैक्स्ड क्वालिटी नॉर्म्स के तहत गेहूं खरीदी

सरकार की गेहूं खरीद भले ही 3.5 करोड़ टन के करीब पहुंच गई हो, लेकिन इसमें बड़ी मात्रा ऐसे गेहूं की है जिसे गुणवत्ता मानकों में छूट देकर खरीदा गया है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक खरीदे गए 3.499 करोड़ टन गेहूं में से 2.363 करोड़ टन यानी 67 प्रतिशत से अधिक गेहूं रिलैक्स्ड क्वालिटी नॉर्म्स के तहत खरीदा गया है. खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की संयुक्त सचिव सी. शिखा ने सोमवार को ‘बिजनेसलाइन’ को बताया कि इस साल करीब 3.5 करोड़ टन गेहूं खरीद के बाद केंद्रीय पूल में गेहूं का भंडार बढ़कर 5.13 करोड़ टन हो गया है. यह 1 जुलाई के लिए निर्धारित 2.75 करोड़ टन के बफर स्टॉक मानक से काफी अधिक है.

पंजाब में गेहूं खरीदी का आंकड़ा

पंजाब में गेहूं खरीद 1.216 करोड़ टन पर पहुंची, जो पिछले साल के 1.192 करोड़ टन के मुकाबले करीब 2 प्रतिशत ज्यादा है. केंद्र ने 2026-27 के लिए पंजाब से 1.22 करोड़ टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा था, जो लगभग पूरा हो गया है. राज्य में इस साल खरीदा गया लगभग पूरा गेहूं गुणवत्ता मानकों में छूट देकर खरीदा गया, क्योंकि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई जिलों में गेहूं की चमक (लस्टर) प्रभावित हुई थी.

हरियाणा में रिकॉर्ड गेहूं खरीदी

हरियाणा में इस साल गेहूं की सरकारी खरीद 81.2 लाख टन रही, जो पिछले साल के 70.8 लाख टन के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत अधिक है. यह खरीद राज्य के लिए तय 72 लाख टन के लक्ष्य से भी ज्यादा रही. वहीं, मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राज्य से अब तक 1.044 करोड़ टन गेहूं खरीदा गया है, जो पिछले साल के 77.8 लाख टन के मुकाबले 34 प्रतिशत अधिक है.

मध्य प्रदेश में कितनी हुई गेहूं खरीदी

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद की शुरुआत काफी धीमी रही थी. 30 अप्रैल तक राज्य में खरीद पिछले साल की तुलना में 59 प्रतिशत कम थी, जबकि किसानों से गेहूं खरीदने की अनुमति सामान्य 1 अप्रैल के बजाय 15 मार्च से ही दे दी गई थी. बाद में खरीद में तेजी आने से राज्य निर्धारित लक्ष्य से आगे निकल गया. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक 17.2 लाख टन गेहूं खरीदा गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 10.3 लाख टन था. राजस्थान में खरीद बढ़कर 24.3 लाख टन पहुंच गई, जो एक साल पहले 19.8 लाख टन थी. वहीं बिहार में गेहूं खरीद 36,285 टन रही, जो पिछले साल के 17,923 टन से दोगुने से भी अधिक है.

किस राज्य को कितना था लक्ष्य

बेहतर खरीद को देखते हुए केंद्र सरकार ने कई राज्यों के खरीद लक्ष्य भी बढ़ाए थे. उत्तर प्रदेश का लक्ष्य 10 लाख टन से बढ़ाकर 25 लाख टन, राजस्थान का 21 लाख टन से बढ़ाकर 23.5 लाख टन और बिहार का 18 हजार टन से बढ़ाकर 1.8 लाख टन कर दिया गया था.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Kisan India