Dailyhunt
KCC Loan: किसान क्रेडिट कार्ड से कितना कर्ज ले सकते हैं किसान? जानें नई लिमिट और आसान शर्तें

KCC Loan: किसान क्रेडिट कार्ड से कितना कर्ज ले सकते हैं किसान? जानें नई लिमिट और आसान शर्तें

Kisan India 3 weeks ago

Kisan Credit: Card: आज के समय में खेती-किसानी के बढ़ते खर्च किसानों के लिए बड़ी चिंता बन जाते हैं. बीज, खाद, सिंचाई और मशीनरी जैसे कई कामों के लिए पैसे की जरूरत पड़ती है. ऐसे में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना किसानों के लिए एक मजबूत आर्थिक सहारा बनकर उभरी है.

इस योजना के जरिए किसान आसानी से कम ब्याज पर लोन लेकर अपनी खेती की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं.

बढ़ी हुई लिमिट से मिलेगा ज्यादा फायदा

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी बढ़ी हुई लोन लिमिट है. अब किसान इस कार्ड के जरिए 5 लाख रुपये तक का कर्ज ले सकते हैं, जबकि पहले यह सीमा 3 लाख रुपये तक ही थी. सरकार द्वारा यह लिमिट बढ़ाने का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है. इससे किसान बड़े स्तर पर खेती कर सकते हैं और उत्पादन बढ़ा सकते हैं. किसान क्रेडिट कार्ड की एक और खास बात यह है कि किसान बिना किसी गारंटी के भी लोन ले सकते हैं.

वर्तमान में किसान बिना जमीन गिरवी रखे 1.60 लाख रुपये तक का कर्ज प्राप्त कर सकते हैं. वहीं, अगर अधिक राशि की जरूरत हो, तो जमीन के दस्तावेज दिखाकर 5 लाख रुपये तक की लिमिट हासिल की जा सकती है. इससे छोटे और सीमांत किसानों को भी बड़ी राहत मिलती है.

बेहद कम ब्याज दर का लाभ

ब्याज दर के मामले में भी KCC योजना काफी फायदेमंद है. आमतौर पर इस पर 9 फीसदी ब्याज लगता है, लेकिन सरकार इसमें 2 फीसदी की सब्सिडी देती है. इसके अलावा, समय पर लोन चुकाने पर किसानों को 3 फीसदी की अतिरिक्त छूट भी मिलती है. इस तरह, किसानों को प्रभावी रूप से केवल 4 फीसदी सालाना ब्याज पर लोन मिल जाता है, जो बाजार में उपलब्ध अन्य विकल्पों की तुलना में काफी कम है.

खेती के साथ अन्य व्यवसायों को भी बढ़ावा

अब किसान क्रेडिट कार्ड का दायरा केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है. इसमें पशुपालन और मछली पालन को भी शामिल किया गया है. यानी अगर किसान गाय-भैंस पालन या मछली पालन का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, तो वे भी इसी कार्ड के जरिए लोन लेकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं. इससे किसानों को अतिरिक्त कमाई के नए अवसर मिलते हैं.

आसान आवेदन प्रक्रिया

इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रक्रिया भी बेहद सरल है. किसानों को आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेज लेकर अपने नजदीकी बैंक शाखा में आवेदन करना होता है. एक बार कार्ड जारी होने के बाद यह 5 साल तक मान्य रहता है. बैंक हर साल किसान की जरूरत के अनुसार क्रेडिट लिमिट की समीक्षा करता है, जिससे जरूरत के समय पैसों की कमी नहीं होती.

किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों के लिए एक तरह का आर्थिक सुरक्षा कवच बन चुकी है. कम ब्याज, आसान लोन और बढ़ी हुई लिमिट के कारण यह योजना खेती को आसान और लाभदायक बना रही है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Kisan India