Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने जारी किए 1173 करोड़.. एक लाख खातों में पहुंचेगी राशि

किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने जारी किए 1173 करोड़.. एक लाख खातों में पहुंचेगी राशि

Kisan India 2 weeks ago

Maize Rate: तेलंगाना सरकार ने मक्का किसानों को राहत देते हुए खरीद प्रक्रिया के तहत बुधवार को 1,173 करोड़ रुपये जारी किए. कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा कि यह राशि राज्य के करीब एक लाख किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.

उन्होंने कहा कि रबी 2025-26 सीजन में अब तक 338 खरीद केंद्रों के जरिए 2.42 लाख किसानों से 13.42 लाख मीट्रिक टन मक्का खरीदा जा चुका है, जो राज्य गठन के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर की गई खरीद है.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 1,173 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा करते हुए मंत्री ने कहा कि यह राशि पहले से खर्च किए जा चुके 3,757 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है. उन्होंने कहा कि जब देश के कई राज्यों ने मक्का खरीद से दूरी बना ली थी और केंद्र सरकार ने भी मक्का खरीदने में असमर्थता जताई थी, तब तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने किसानों का साथ देते हुए बड़े स्तर पर मक्का की खरीद की.

मक्का का लेटेस्ट MSP

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने किसानों को नुकसान से बचाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं. सरकार ने फैसला किया कि राज्य में उगाई गई पूरी मक्का फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाएगा. इसी उद्देश्य से सरकार मार्कफेड के जरिए 2,400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मक्का की खरीद कर रही है.

किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं

मंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार सिर्फ खरीद केंद्रों पर पहुंच चुकी मक्का ही नहीं, बल्कि आने वाली पूरी फसल भी खरीदेगी. उन्होंने कहा कि किसानों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि खरीद केंद्रों पर लाई गई मक्का का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी. मंत्री ने दावा किया कि सरकार ने खरीदी गई मक्का के प्रबंधन और भंडारण में नया रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने कहा कि खरीदी गई मक्का को सिर्फ राज्य के गोदामों में ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के वेयरहाउस में भी रखा गया है. तेलंगाना के इतिहास में पहली बार ऐसा फैसला लिया गया है.

मंडियों में मक्का की आवक

बता दें कि सरकारी खरीद शुरू होने के बावजूद मंडियों में मक्का का रेट एमएसपी से कम है. Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, तेलंगाना के अलग-अलग APMC मंडियों में मई महीने के दौरान मक्का के दामों में काफी अंतर देखा गया. अचम्पेट APMC मंडी में 22 मई को लगभग 18.75 मीट्रिक टन मक्का की आवक हुई. यहां मक्का की कीमत न्यूनतम 1,607 रुपये प्रति क्विंटल और अधिकतम 1,886 रुपये प्रति क्विंटल रही. औसत (मॉडल) कीमत 1,880 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. वहीं, बेल्लमपल्ली APMC मंडी में 19 मई को यहां 25 मीट्रिक टन मक्का आया और इसकी कीमत 2,400 रुपये प्रति क्विंटल रही, जो न्यूनतम, अधिकतम और मॉडल तीनों स्तर पर समान थी. इसी तरह 23 मई को भी 30 मीट्रिक टन मक्का आया और कीमत 2,400 रुपये प्रति क्विंटल ही बनी रही.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Kisan India