Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
छिंदवाड़ा: सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार हेतु 20 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

छिंदवाड़ा: सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार हेतु 20 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

05 अगस्त 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार हेतु 20 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित - कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम 'आत्मा' के अंतर्गत विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य शासन द्वारा आगामी 26 जनवरी 2027 को जिले के सभी 11 विकासखंडों से 5-5 सर्वोत्तम कृषकों को पुरस्कृत किए जाने की योजना प्रसारित की गई है।

पुरस्कार के लिये सर्वोत्तम कृषकों का चयन मूल्यांकन वर्ष 2025-26 में अपनाई गई कृषि तकनीक, उपज एवं उत्पादकता के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर प्रत्येक विकासखंड से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित 5 कृषकों को 10-10 हजार रुपये तथा जिला स्तर पर 10 सर्वोत्तम कृषकों को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इस पुरस्कार के लिए निर्धारित प्रपत्र में कृषकों से 20 अगस्त 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक किसान अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर से आवेदन पत्र प्राप्त कर निर्धारित समय-सीमा में भरकर विकासखंड स्तरीय कार्यालय में जमा कर सकते हैं। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा तथा सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले कृषकों का चयन किया जाएगा। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन राज्य स्तर से होगा तथा विकासखंड के चयनित सर्वोत्तम कृषकों के आवेदन राज्य स्तर पर भेजे जाएंगे।

आवेदन पत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर कृषि विभाग, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से निष्पक्ष सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सर्वोत्तम कृषक के चयन में पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बरती जाएगी। कृषकों से अपील की गई है कि वे वर्ष 2025-26 में अपनाई गई तकनीकों, अर्जित प्रगति, प्राप्त उत्पादन एवं उपज की सही एवं पूर्ण जानकारी आवेदन पत्र में भरकर बंद लिफाफे में 20 अगस्त 2026 तक विकासखंड स्तरीय कार्यालय में जमा करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन कृषकों को गत वर्ष इस प्रकार का पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, वे आगामी तीन वर्षों तक आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे।



Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Krishak Jagat