Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Heavy Rain Alert: IMD ने जारी की नई चेतावनी, उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में होगी जोरदार बारिश

Heavy Rain Alert: IMD ने जारी की नई चेतावनी, उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में होगी जोरदार बारिश

05 अगस्त 2026, नई दिल्ली: Heavy Rain Alert: IMD ने जारी की नई चेतावनी, उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में होगी जोरदार बारिश - भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।

5 अगस्त से अगले 5 से 6 दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं केरल, कर्नाटक और पश्चिमी तट के राज्यों में भी अगले चार दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। IMD ने आज (5 अगस्त) मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

IMD के अनुसार, मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, दक्षिण तमिलनाडु, कर्नाटक, बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के आसपास अलग-अलग स्तरों पर कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इन मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिससे देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। पश्चिमी विक्षोभ का भी उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर असर देखने को मिल रहा है।

IMD के मुताबिक 5 से 10 अगस्त के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मेघालय में आज कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 5 और 6 अगस्त को तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 से 7 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कोंकण और गोवा में 5 और 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में भी तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर बना रहेगा। केरल और कर्नाटक के कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

IMD ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है। यहां 5 से 10 अगस्त के बीच 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसके साथ ही भारी बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज (5 अगस्त) पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर से शाम के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। रात के समय भी हल्की बारिश जारी रह सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

IMD के अनुसार 6 और 7 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। 8 अगस्त को बारिश की तीव्रता कुछ कम होने की संभावना है, लेकिन आसमान में बादल बने रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।



Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Krishak Jagat