Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सहकारिता सप्ताह: नैनो उर्वरकों और सहकारी मॉडल के विस्तार पर इफको का फोकस

सहकारिता सप्ताह: नैनो उर्वरकों और सहकारी मॉडल के विस्तार पर इफको का फोकस

08 जुलाई2026, भोपाल: सहकारिता सप्ताह: नैनो उर्वरकों और सहकारी मॉडल के विस्तार पर इफको का फोकस - सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत इफको, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों तथा कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सीहोर, पिपरिया (नर्मदापुरम) और विदिशा में सहकारिता चौपाल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों में नैनो उर्वरकों, संतुलित पोषण प्रबंधन, जैव उर्वरकों तथा सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सीहोर परिसर में आयोजित सहकारिता चौपाल में इफको भोपाल के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी ने संतुलित पोषण प्रबंधन, मृदा परीक्षण तथा नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सागरिका, नैनो जिंक, नैनो कॉपर, जलविलेय उर्वरक, जैव उर्वरक, एनपीके कंसोर्टिया एवं बायो डीकंपोजर के वैज्ञानिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में नैनो उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सीहोर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सौरभ जूनवाल ने सहकारी समितियों से इफको के उन्नत उत्पादों के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार एवं व्यापार का आह्वान किया।

सीहोर के उप संचालक कृषि श्री अशोक उपाध्याय ने सरकार की ई-टोकन व्यवस्था की जानकारी दी ।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक श्री आर.एस. रेकवाल, वरिष्ठ अंकेक्षण अधिकारी श्री सुनील सक्सेना उपस्थित रहे। संचालन इफको के क्षेत्रीय अधिकारी श्री अनुज कुर्मी ने किया।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, पिपरिया में आयोजित सहकारिता चौपाल में डॉ. सोलंकी एवं मुख्य प्रबंधक (विपणन) डॉ. ओमशरण तिवारी ने सहभागिता की।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि सहकारिता के विस्तार के लिए सभी सहकारी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ किसानों के आर्थिक उत्थान हेतु कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर प्रशासक जिला सहकारी संघ नर्मदापुरम श्री कमल गढ़ेवाल, सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री मुकुंद राव भैसारे, श्री शिवशंकर पगारे, जिला प्रबंधक नेफेड श्री शिव कुमार यादव, शाखा प्रबंधक श्री अनिल शर्मा, पिपरिया शाखा के सभी समिति प्रबंधक, तथा प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।

विदिशा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए इफको द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया। इफको के राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. सोलंकी ने रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि नैनो यूरिया के समुचित उपयोग से पारंपरिक यूरिया की खपत में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

उप संचालक कृषि, विदिशा श्री सचिन जैन ने अधिकारियों से आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का आह्वान किया। वहीं इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुमार मनेन्द्र ने असंतुलित उर्वरक उपयोग के दुष्प्रभावों तथा नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी,आदि के वैज्ञानिक उपयोग एवं लाभों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा कृषि विभाग के सहयोग से किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रदर्शन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।



Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Krishak Jagat