Ujjain Mahakal Mandir news : भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। देशभर से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं, ऐसे में तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए मंदिर समिति ने फॉगिंग/मिस्ट सिस्टम की शुरुआत की है।
उज्जैन कलेक्टर एवं मंदिर प्रशासक के निर्देशानुसार 1 मई 2026 से इस प्रणाली का प्रायोगिक उपयोग शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करना है। यह फॉगिंग/मिस्ट सिस्टम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर इसे तय समय के बाद भी चलाया जा सकता है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह सिस्टम वातावरण में ठंडी फुहार छोड़ता है, जिससे तापमान में कमी महसूस होती है और श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में खड़े रहने के दौरान राहत मिलती है। खासतौर पर दोपहर के समय, जब गर्मी अपने चरम पर होती है, तब यह व्यवस्था काफी कारगर साबित हो रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा। यदि परिणाम सकारात्मक रहे, तो इसे स्थायी रूप से मंदिर परिसर में स्थापित करने का निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं ने भी इस पहल का स्वागत किया है और इसे गर्मी से राहत दिलाने वाला सराहनीय कदम बताया है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और भी व्यवस्थाएं की जाएंगी।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
