Ranchi : जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित टावर पर चढ़ा हीरालाल पूरे 8 घंटे बाद नीचे उतरा. लगातार न्यूज़ की टीम ने हीरालाल से बात की और काफी समझाने के बाद हीरालाल नीचे आने के लिए तैयार हो गये.
हीरालाल ने नीचे उतरने के बाद सीधे मीडिया से बात की और कहा कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के लिए नीचे उतरे हैं.
हीरालाल रोते हुए अपने पत्नी और बच्चे से मिले अपने बच्चों को गोद में उठाया और रोने लगे. जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि आपने यह कदम क्यों उठाया था, तो हीरालाल ने बताया कि वह सरकार की नीतियों से परेशान है.
सरकारी नौकरियों में धांधली हो रही है, जिसके कारण युवाओं कोसमस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कहा कि वह लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं मगर हमेशा नियुक्तियों में गड़बड़ियों के कारण वह नौकरी लेने से चूक जाते हैं.
हीरालाल ने अपने पत्नी के बारे में बताया कि वह एक मेडिकल दुकान चलती है. घर का कोई काम नहीं करती है. उसकी पत्नी बार-बार उसे ताने मारती है, हीरालाल अपनी पत्नी से काफी परेशान था. अक्सर पत्नी से उसकी लड़ाई हुआ करती थी,
हीरालाल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे हमेशा एक बात कहा करती थी कि, हीरालाल 1रुपया कमाने का भी औकात नहीं रखता है. इसलिए हीरालाल ने मुख्यमंत्री से ₹1 की डिमांड की थी.
हीरालाल लगातार पिछले कई दिनों से प्रदर्शन में शामिल थे और अपनी मांगों को मीडिया के सामने रख रहे थे, मगर सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों की बात नहीं सुन रही थी जिसके बाद वह और आक्रोशित हो गये.
टावर से उतरने के बाद पुलिस ने हीरालाल को डिटेन कर लिया है. पूछताछ के लिए उसे थाना ले जाया गया है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद मामले की पूरी जानकारी मिल पायेगी कि हीरालाल ने ऐसा कदम क्यों उठाया.

