Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भरत तिवारी एनकाउंटर  : STF जवान अक्षय कुमार आरा से गिरफ्तार, सरेंडर के बाद गोली मारने का है आरोप

भरत तिवारी एनकाउंटर : STF जवान अक्षय कुमार आरा से गिरफ्तार, सरेंडर के बाद गोली मारने का है आरोप

Lagatar 1 week ago

Lagatar Desk : भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. मामले की जांच कर रही विशेष टीम (SIT) ने बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार किया है.

आरा से हुई गिरफ्तारी को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.

जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, घटना वाले दिन भरत तिवारी ने पुलिस और STF टीम के सामने कथित रूप से आत्मसमर्पण कर दिया था. आरोप है कि इसके बावजूद STF जवान अक्षय कुमार ने गोली चलाई, जो भरत तिवारी को लगी और वह जमीन पर गिर गया. बताया जाता है कि पुलिस और STF ने भरत तिवारी को तीन और गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जाता है कि SIT ने अक्षय कुमार को मामले में सहयोग करने के लिए कई बार नोटिस भेजकर बुलाया था. लेकिन घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था. सूत्रों का कहना है कि एसआईटी ने उसके फोन को सर्विलांस पर रखा था. इसी दौरान टीम को उसके लोकेशन का पता चला, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया है.

सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार जवान से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. अगर मामले की जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं, तो अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.

बता दें कि 17 जून को भरत का एनकाउंटर हुआ था. मामले ने तब और तूल पकड़ा, जब 24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. मुख्यमंत्री ने भी उन्हें जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिया था.

सीएम के आश्वासन के बाद प्रशासनिक स्तर पर कई कदम उठाए गए. सबसे पहले तत्कालीन एसडीएम संजीत कुमार को उनके पद से हटाया गया. इसके बाद तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को भी लाइन हाजिर कर दिया गया. ऐसे में माना जा रहा है कि कि जांच एजेंसी STF जवान अक्षय कुमार के खिलाफ भी सख्त कदम उठा सकती है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar