Dhanbad : शहर में शुक्रवार देर शाम अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. खासकर लुबी सर्कुलर रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब तेज हवा के कारण एक भारी-भरकम पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा.
पेड़ गिरने की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक कार आ गई जिससे वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और कुछ समय के लिए यातायात ठप पड़ गया. इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक तेज हवा के झोंकों के कारण पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली. यही नहीं नगर निगम की टीम भी तत्काल हरकत में आई और जेसीबी मशीन की मदद से गिरे हुए पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया.
जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ को हटाते हुए
कुछ समय की मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाया गया जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका. इस घटना ने एक बार फिर शहर में पुराने और जर्जर पेड़ों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पेड़ों की पहचान कर समय रहते उनकी छंटाई या हटाने की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar