Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Dhanbad :   बरोरा चेकपोस्ट के पास दो राउंड चली गोली, बाल-बाल बचा युवक, पुराने विवाद से जुड़े तार

Dhanbad : बरोरा चेकपोस्ट के पास दो राउंड चली गोली, बाल-बाल बचा युवक, पुराने विवाद से जुड़े तार

Lagatar 1 week ago

Dhanbad : जिले के बरोरा थाना क्षेत्र स्थित बरोरा चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर शाम दो राउंड फायरिंग हुई है. गोलीबारी की इस घटना में मधु मंडल नामक युवक बाल-बाल बच गया. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

पीड़ित युवक ने मामले की लिखित शिकायत थाने में की है. घटना के बाद पीड़ित के परिजन दहशत में है और क्षेत्र में भी तनाव का माहौल बना हुआ है.

फायरिंग की सूचना पर बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल और बरोरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले माथाबांध और मंद्रा गांव के लोगों के बीच बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी. बताया जा रहा है कि पीड़ित मधु मंडल उस विवाद में एक पक्ष का समर्थन कर रहा था. आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया.

पीड़ित मधु मंडल ने आरोप लगाया कि सन्नी चौहान, राज चौहान और आकाश चौहान अचानक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने कहा कि माथाबांध विवाद में एक पक्ष का साथ देने को लेकर वे नाराज थे. आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने पहले उसे थप्पड़ मारा और फिर पिस्तौल निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी. हालांकि वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा.

इस संबंध में बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि बरोरा थाना में एक युवक ने आवेदन दिया गया है, जिसमें बरोरा चेकपोस्ट के पास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दो राउंड फायरिंग करने की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar