Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Education news :  NCERT की  कक्षा 9  की  नई  किताबें  जल्द होंगी उपलब्ध, युद्धस्तर पर छपाई जारी

Education news : NCERT की कक्षा 9 की नई किताबें जल्द होंगी उपलब्ध, युद्धस्तर पर छपाई जारी

Lagatar 2 weeks ago

Lagatar desk : राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने कक्षा 9 की नई पाठ्यपुस्तकों की छपाई युद्धस्तर (बहुत तेजी ) पर शुरू कर दी है और जल्द ही उनकी आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है.

नई शिक्षा नीति 2020 के आधार पर तैयार इन पुस्तकों के डिजिटल संस्करण पहले ही दो सप्ताह पूर्व एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट पर मुफ्त उपलब्ध करा दिए गए हैं.एनसीईआरटी के अनुसार, देशभर में बड़ी संख्या में पुस्तकों की मांग के कारण फिलहाल आपूर्ति और मांग के बीच अस्थायी अंतर देखा जा रहा है. हालांकि, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस अंतर को शीघ्र खत्म करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुस्तकों की आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है.

छात्रों और अभिभावकों को आसानी से किताबें उपलब्ध कराने के लिए एनसीईआरटी ने कई माध्यमों की व्यवस्था की है. इनमें देशभर में विस्तृत विक्रेता नेटवर्क, क्षेत्रीय केंद्रों पर बिक्री काउंटर, और नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में सप्ताहांत पर भी खुला रहने वाला सेल्स काउंटर शामिल है.

इसके अलावा, कक्षा 9 सहित सभी उपलब्ध पाठ्यपुस्तकें एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट(https://ncertbooks.ncert.gov.in) और प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे अमेज़न पर भी उपलब्ध हैं. छात्र डिजिटल किताबें एनसीईआरटी की वेबसाइट (https://ncert.nic.in), दीक्षा पोर्टल (https://diksha.gov.in) और ई-पाठशाला (https://epathshala.nic.in)से मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं.

एनसीईआरटी ने यह भी बताया कि जो स्कूल और संस्थान थोक में किताबें चाहते हैं, उन्हें सीधे आपूर्ति की जा रही है. कक्षा 9 की लगभग सभी किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं, केवल सामाजिक विज्ञान की पुस्तक अंतिम चरण में है और जल्द उपलब्ध होगी.

एनसीईआरटी की कक्षा 9 की नई पाठ्यपुस्तकें 10 से 15 अप्रैल 2026 तक बाजार में उपलब्ध होने की उम्मीद है.परिषद ने आश्वस्त किया है कि हर छात्र तक समय पर और सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण किताबें पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. यदि किसी को किताबें प्राप्त करने में कठिनाई होती है, तो वे एनसीईआरटी के प्रकाशन विभाग से pd.ncert@nic.in या cbm.ncert@nic.in पर संपर्क कर सकते हैं, अथवा PM eVIDYA के IVRS नंबर 8800440559 पर कॉल कर सकते हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar