Dailyhunt
Jamtara news :  हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की भव्य शुरुआत

Jamtara news : हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की भव्य शुरुआत

Lagatar 1 week ago

Jamtara : जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर गांव में शनिवार को 108 हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई.

इस धार्मिक आयोजन में लगभग 3500 श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया. खास बात यह रही कि 501 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा में हिस्सा लिया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रहीं.

कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बासपहाड़ी नदी तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा. इसके बाद सभी श्रद्धालु लगभग 5 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए पुनः मंदिर स्थल लौटे. पूरे मार्ग में जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे पूरे इलाके में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ.

मोहनपुर के मुख्य चौक पर निर्मित भव्य हनुमान मंदिर की आकर्षक सजावट और स्थापत्य कला श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है. आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं.

शनिवार संध्या को भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी. महोत्सव के अगले चरण में रविवार को विधिवत पूजन एवं आरती का आयोजन होगा, जबकि सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा हवन और विशाल भंडारे के साथ इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन किया जाएगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar