Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
झारखंड में JJB के 6 पदों पर भर्ती, 10 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

झारखंड में JJB के 6 पदों पर भर्ती, 10 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

Lagatar 2 weeks ago

Ranchi News : झारखंड सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने किशोर न्याय बोर्ड (JJB) में सामाजिक कार्यकर्ता सदस्यों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं. इसके लिए विभाग ने 1 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है.

योग्य उम्मीदवार झारखंड सरकार के भर्ती पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

इस भर्ती के तहत कुल 6 मानद पदों पर नियुक्ति की जाएगी. इन पदों के लिए गिरिडीह, हजारीबाग, पाकुड़ और सरायकेला-खरसावां जिलों में सामाजिक कार्यकर्ता और महिला सामाजिक कार्यकर्ता की नियुक्ति होनी है. नियुक्ति का कार्यकाल 3 साल का होगा. चयनित सदस्यों को हर बैठक के लिए 2000 रुपये का बैठक भत्ता दिया जाएगा.आवेदन की आखिरी तारीख 10 अक्टूबर 2026 है.

क्या होनी चाहिए योग्यता

आवेदक की उम्र नियुक्ति के समय 35 साल से कम नहीं और 60 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ बच्चों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, संरक्षण या कल्याण के क्षेत्र में कम से कम 7 साल का काम का अनुभव होना जरूरी है.

इसके अलावा बाल मनोविज्ञान, मनोचिकित्सा, समाजशास्त्र या कानून में डिग्री रखने वाले कार्यरत पेशेवर भी आवेदन कर सकते हैं.

इन लोगों को नहीं मिलेगा मौका

जिस उम्मीदवार के खिलाफ मानवाधिकार या बाल अधिकारों के उल्लंघन, बाल शोषण या बाल श्रम से जुड़ा कोई पुराना मामला या रिकॉर्ड है, वह इस पद के लिए योग्य नहीं होगा.

उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल में किसी पद पर नहीं होना चाहिए. साथ ही वह किसी बाल देखभाल संस्था से सीधे या किसी दूसरे तरीके से जुड़ा नहीं होना चाहिए.

ऐसा कोई पूर्णकालिक काम भी नहीं होना चाहिए, जिससे JJB के काम के लिए जरूरी समय नहीं दे सके.

ऐसे होगा चयन

सबसे पहले सभी आवेदनों की जांच की जाएगी. इसमें उम्मीदवार की बुनियादी योग्यता और दस्तावेज देखे जाएंगे. योग्य उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.

इसके बाद चयन समिति उम्मीदवारों का मूल्यांकन करेगी. इसमें व्यक्तिगत साक्षात्कार का सबसे ज्यादा 50 फीसदी वेटेज होगा. शैक्षणिक योग्यता और काम के अनुभव को 25-25 फीसदी वेटेज दिया जाएगा.

आवेदन के साथ क्या देना होगा

उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन के साथ कम से कम 100 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर अंडरटेकिंग भी अपलोड करनी होगी.

साक्षात्कार के समय उम्मीदवारों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव प्रमाण पत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी. मूल अंडरटेकिंग भी प्रस्तुत करनी होगी.

साक्षात्कार में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को किसी तरह का TA/DA नहीं दिया जाएगा.

आवेदन झारखंड सरकार के JAP-IT भर्ती पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar