Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
झारखंड विस का मॉनसून सत्र 6 अगस्त से, पुलिस मुख्यालय अलर्ट, राज्य भर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, IG-DIG स्तर के अधिकारी संभालेंगे कमान

झारखंड विस का मॉनसून सत्र 6 अगस्त से, पुलिस मुख्यालय अलर्ट, राज्य भर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, IG-DIG स्तर के अधिकारी संभालेंगे कमान

Lagatar 2 weeks ago

Ranchi : झारखंड विधानसभा के आगामी मॉनसून सत्र को लेकर राज्य पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त तक चलेगा. हर वर्ष की तरह इस बार भी विधानसभा सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.

संवेदनशील इलाकों, सरकारी प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है.

पुलिस मुख्यालय ने जिला पुलिस को निर्देश दिया है कि असामाजिक तत्वों, संगठित अपराधियों और उपद्रव की आशंका वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाए. आवश्यकता पड़ने पर विशेष जांच अभियान, वाहन जांच और रात्रि गश्ती को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. सभी जिलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है.

इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार 6 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक (9 अगस्त को छोड़कर) प्रतिदिन IG और DIG स्तर के दो-दो अधिकारी विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे.

रोस्टर के अनुसार 6 अगस्त को आईजी असीम विक्रांत मिन्ज और डीआईजी मनोज रतन चौधरी, 7 अगस्त को डीआईजी अश्विनी कुमार सिन्हा और डीआईजी रानी मेहता, 10 अगस्त को आईजी अजय लिंडा और आईजी सुनील भास्कर, 11 अगस्त को डीआईजी कार्तिक एस. और डीआईजी संजीव कुमार, जबकि 12 अगस्त को डीआईजी नौशाद आलम और डीआईजी इंद्रजीत महथा विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे.

पुलिस मुख्यालय ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखें, किसी भी स्थिति में त्वरित समन्वय सुनिश्चित करें तथा महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराएं.

इसके साथ ही सभी जिलों के एसपी को भी अपने-अपने क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मॉनसून सत्र शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar