Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं व छात्रवृत्ति को लेकर छात्रों का लोकभवन घेराव

JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं व छात्रवृत्ति को लेकर छात्रों का लोकभवन घेराव

Lagatar 1 week ago

Ranchi : राजधानी रांची में आज JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, लंबित छात्रवृत्ति और अन्य छात्रहित के मुद्दों को लेकर छात्र सड़कों पर उतर आए. आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकला प्रदर्शन राजभवन (लोकभवन) की ओर बढ़ा, जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की गई.

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित धांधली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.

छात्रों ने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि वे केवल CID जांच से संतुष्ट नहीं हैं. उनका आरोप है कि JPSC प्रारंभिक परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, इसलिए परीक्षा को रद्द कर निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत दोबारा आयोजित किया जाए.

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने शिक्षक (आचार्य) नियुक्ति प्रक्रिया में भी कथित घोटाले का आरोप लगाया. उनका दावा है कि नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया गया है. साथ ही उन्होंने JAC से लंबित JTET परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करने की मांग भी उठाई.

आंदोलन में शामिल छात्रों ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया है. उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता का अभाव है, अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिका या अंक देखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता और भर्ती परीक्षाएं समय पर नहीं होने से युवाओं में बेरोजगारी और मानसिक तनाव बढ़ रहा है.

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 10 अगस्त को वे विधानसभा का घेराव करेंगे. छात्रों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर झारखंड को भी दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर बड़े छात्र आंदोलन का केंद्र बनाया जाएगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar