Dailyhunt
लातेहार: आवासीय स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्रों की पिटाई का आरोप, एक का होंठ फटा

लातेहार: आवासीय स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्रों की पिटाई का आरोप, एक का होंठ फटा

Lagatar 1 week ago

Latehar : लातेहार जिले के मनिका प्रखंड स्थित विद्यासागर आवासीय विद्यालय में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रधानाध्यापक प्रद्युम्न प्रसाद पर छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है.

इस घटना में छात्र प्रेमचंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके होंठ पर टांके लगाने पड़े हैं. घटना के बाद इलाके में गुस्सा और चिंता का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को छात्र प्रेमचंद सिंह और अभय सिंह स्कूल नहीं गए थे. अगले दिन जब दोनों विद्यालय पहुंचे, तो आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने अनुपस्थिति को लेकर गुस्से में आकर पाइप, लात और जूते से उनकी पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी बुरी तरह की गई कि दोनों छात्र डरकर अपनी जान बचाते हुए स्कूल परिसर से भाग निकले.

पिटाई में छात्र के होंठ पर आए टांके

घटना के बाद जब दोनों घायल छात्र रोते-बिलखते घर पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई, तो परिवार के लोग आक्रोशित हो उठे. प्रेमचंद सिंह के पिता बंधन सिंह और अभय सिंह के पिता संतू सिंह ने मनिका थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

हालांकि, मामला यहीं से और विवादों में घिर गया. परिजनों का आरोप है कि थाने में आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि मामले को "मैनेज" करने की कोशिश की गई. इसको लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.

इस घटना पर युवा कांग्रेस के जिला महासचिव मिथिलेश पासवान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और ऐसे शिक्षक पर तत्काल कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

वहीं, जब इस पूरे मामले पर प्रधानाध्यापक प्रद्युम्न प्रसाद से संपर्क किया गया, तो उन्होंने छात्रों की पिटाई के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनके खिलाफ रची गई साजिश बताया.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar