Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लातेहार : दवा दुकान की आड़ में चल रहा था डिलीवरी व अर्बाशन सेंटर, छापा मारा गया

लातेहार : दवा दुकान की आड़ में चल रहा था डिलीवरी व अर्बाशन सेंटर, छापा मारा गया

Lagatar 1 week ago

Latehar : लातेहार के रेलवे स्‍टेशन रोड में स्थित सौम्‍या मेडिकल स्‍टोर में उपायुक्‍त संदीप कुमार के निर्देश पर गठित एक टीम ने शनिवार रात छापा मारा. उपायुक्त को सूचना मिली थी कि यहां अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं.

छापामार दल में सिविल एसडीओ दिनेश कुमार, प्रभारी सिविल सर्जन विवेक विद्यार्थी, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन व थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्‍हा आदि शामिल थे.

प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस दवा दुकान में गर्भपात कराने का कार्य किया जाता है. खबरों के अनुसार नगर पंचायत के कर्मियों को उस दुकान से उठाये गये मेडिकल वेस्‍ट के एक प्‍लास्टिक के थैले में पांच-छह महीने के भ्रूण के क्ष‍त विक्षत अवशेष मिले थे,

इसके बाद उन्‍होने इसकी सूचना नगर पंचायत के अधिकारियों को दी. नगर पंचायत के अधिकारियों ने तत्‍काल इसकी सूचना उपायुक्‍त व एसडीओ को दी. मामला संज्ञान में आने के बाद उपायुक्‍त के निर्देश पर गठित टीम ने उक्‍त मेडिकल स्‍टोर में छापामारी की.

टीम ने दुकान से एक्‍सपायरी दवाइयां भी बरामद की हैं. जांच में अवैध गर्भपात कराये जाने के संकेत मिले हैं. वहां से चिकित्‍सीय उपकरण भी बरामद किये गये हैं. प्रशासन ने तत्‍काल दुकान को सील कर दिया गया है. संचालक सागर कुमार को हिरासत में ले कर पूछताछ की जा रही है. बरामद भ्रूण के अवशेष को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जायेगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar