Dailyhunt
पहली बार डिजिटल होगी जनगणना, 33 सवालों के जवाब देनें होंगे: चतरा डीसी

पहली बार डिजिटल होगी जनगणना, 33 सवालों के जवाब देनें होंगे: चतरा डीसी

Lagatar 1 week ago

Chatra : चतरा डीसी रवि आनंद ने कहा कि जिले में जनगणना-2027 की तैयारी पूरी हो गई है. देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होने वाली है. जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न करायी जाएगी.

डीसी ने यह जानकारी समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में दी.

उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी. पहले चरण में मकान सूचीकरण व भवन की गणना की जाएगी. वहीं, दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी. 1 से 15 मई 2026 तक स्वगणना, इसके बाद 16 मई से 14 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन और फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना प्रस्तावित है.

डीसी ने बताया कि जनगणना को सफल बनाने को लेकर जिले में 13 चार्ज (12 ग्रामीण और 1 शहरी) बनाए गए हैं. इसके अंतर्गत 2418 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक चिह्नित किए गए हैं, जहां 343 सुपरवाइजर व 1928 प्रगणक तैनात किए गए हैं. जनगणना के लिए तैनात सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दे दिया गया है. इस निमित्त विगत 25 अप्रैल तक आवश्यक तैयारियां भी पूर्ण कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के लिए 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें लोग 1 से 15 मई के बीच आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं भर सकते हैं.

डीसी ने जनगणना को देश की विकास योजनाओं की आधारशिला बताते हुए सभी लोगों से सही और समय पर जानकारी देने की अपील की. कहा कि जनगणना पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है. इसमें किसी से फोन पर OTP या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी. अगर कोई ऐसी जानकारी मांगता है, तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें.

उन्होंने बताया कि जनगणना ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जाएगी. आम लोग चाहें तो स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड कर सकते हैं, या फिर प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहुर आलम, सांख्यिकी पदाधिकारी मनोरंजन झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Lagatar